राजस्थान के जालोर जिले में सामाजिक सरोकार और मानवता की अनुपम मिसाल पेश करते हुए एक भामाशाह ने 11 लाख रुपए का कन्यादान किया।
Jalore News: सांचौर। सामाजिक सरोकार और मानवता की अनुपम मिसाल पेश करते हुए भामाशाह रमेश कुमार जैन (हाल निवासी मलेशिया) ने चितलवाना निवासी आचार्य दायमा परिवार की पुत्री मनीषा के विवाह अवसर पर 11 लाख रुपए का कन्यादान किया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह सहयोग किसी वरदान से कम नहीं थी। जानकारी के अनुसार दायमा परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बेटी के विवाह की तैयारियों को लेकर परिवार चिंतित था।
जैसे ही यह बात समाजसेवी रमेश कुमार जैन तक पहुंची, उन्होंने बिना किसी विलंब के 11 लाख रुपए की राशि कन्यादान स्वरूप देने की घोषणा की।
इस सहयोग से विवाह की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न हुईं और परिवार के चेहरे पर संतोष व खुशी लौट आई। भामाशाह रमेश कुमार जैन ने बताया कि विवाह समारोह धार्मिक रीति-रिवाजों और सादगी के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में थानाराम भोपाजी, घेवरचंद जैन, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भामाशाह के इस उदार कदम की खुलकर सराहना की।
मौजूद लोगों ने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में ऐसे उदाहरण समाज में संवेदना, सहयोग और संस्कारों की नई मिसाल पेश करते हैं।
परिजनों ने भावुक होकर आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से उनकी बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक सम्पन्न हो सका, यह एहसान जीवनभर याद रहेगा।
इधर, क्षेत्र में इस कन्यादान की चर्चा जोरों पर है। सामाजिक संगठनों ने इसे प्रेरणादायक कदम बताते हुए अन्य समर्थ लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया है।