जालोर

जनता ने तय किया एजेंडा, फेक न्यूज से बचने की अपील

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
4 min read
• •
Updated: 26 Nov 2018, 11:36 AM IST
jalore
jan agenda sanchore

जनता ने तय किया एजेंडा, फेक न्यूज से बचने की अपील
सांचौर (जालोर).शहर के सांवरिया छात्रावास में पत्रिका की ओर से जन एजेंडा व फेक न्यूज के खिलाफ शुद्ध का युद्ध के तहत बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हर वर्ग के व्यक्ति से चर्चा की गई।
इस दौरान युवाओं ने जहां शहरी विकास के मुद्दे रखे, वहीं लम्बे समय से शहर की समस्याओं पर सरकार व जनप्रतिनिधियों की ओर से ध्यान नहीं देने और गम्भीर नहीं होने पर रोष भी जाहिर किया। युवाओं ने सबसे बड़ी समस्या उच्च शिक्षा के साधनों का अभाव, नहरी क्षेत्र को पूर्ण रूप से डवलप नहीं कर पाने, नर्मदा से सटे होने के बावजूद पेयजल समस्या का समाधान नहीं करने, शहर की सीवरेज समस्या, अव्यवस्थिति नालियों, सीसी सड़कों व डामरीकृत सड़कों निम्न गुणवत्ता और उनके नाम पर हो रहे करोड़ों के खर्च, शहर में बढ़ती बबूल की झाडिय़ों से मच्छरों का प्रकोप व पुलिस चौकी की स्थापना सहित कई मुद्दे उठाए।
शहर की जनता ने विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों से इन समस्याओं के समाधान के सुझाव दिए।
बैठक में ये रहे प्रमुख मुद्दे
विकास की दृष्टि से सांचौर क्षेत्र जिले का सबसे पिछड़ा क्षेत्र है। स्थानीय लोग सांचौर को जिला बनाने की मांग लम्बे समय से कर रहे हैं। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय नहीं है जो युवाओं की पहली मांग है। कृषि क्षेत्र की बात करें तो क्षेत्र में नर्मदा आने के बाद उत्पादन बढ़ा है, लेकिन फसलों को मंडी में बेचने के लिए कृषि मंडी में पर्याप्त सुविधा नहीं है। ऐसे में किसानों को धान बेचने के लिए गुजरात की मंडियों में जाना पड़ता है। वहीं बागवानी कृषि को बढ़ावा मिलने से अनार, खजूर, पपीता सहित अन्य फसलों की पैदावाार ज्यादा होने लगी है लेकिन स्थानीय कृषि मंडी में क्रय केंद्र की सुविधा नहीं होने से कम भाव में लोग इसे बेचने को मजबूर हैं।
ये रखे सुझाव
सांचौर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर पत्रिका के जन एजेंडा बैठक में युवाओं ने राय दी। शहर में पेयजल के लिए नर्मदा नहर परियोजना के डीआर प्रोजेक्ट को सीधा सांचौर से जोड़ा जाए। पेयजल प्रभावित गांवों में पानी पहुंचाने के लिए स्पेशल स्कीम बने, ताकि प्रभावित गांवों में पेयजल पहुंचाया जा सके। सांचौर उपखंड मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय के साथ- साथ सार्वजनिक छात्रावास खोला जा सकता है। ताकि उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को बाहर न जाना पड़े। नेहड़ क्षेत्र में सरकार को सांचौर से भवातड़ा-रिड़का तक रोडवेज सुविधा शुरू करनी चाहिए।
इन्होंने भी रखी अपनी बात
बैठक में डॉ. बुधाराम बिश्नोई ने चिकित्सा समस्याओ को लेकर बात करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा में सांचौर क्षेत्र पिछड़ा है। यहां ट्रोमा सेन्टर, सांचौर व सरवाना में राजकीय महाविद्यालय खोलने की आवश्यकता बताई। शंकरलाल दर्जी ने सांचौर शहर की पेयजल समस्याओं पर बताते हुए शहर को पेयजल के लिए नर्मदा का पानी, सीवरेज की सुविधा की आवश्यकता बताई। अंबालाल फूलवारिया ने सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश की जरूरत बताई। इस मौके प्रदीप मांजू, महेन्द्र पूनीया, महेन्द्र बिश्नोई,सोहनलाल नैण समेत अन्य ने अपने विचार प्रकट किए।हित कई युवाओ ने अपने- अपने सुझाव रखे।
फेक न्यूज को गंभीरता से देखे, पोस्ट करने से पहले समझे
सांचौर. फेक न्यूज को युवा गंभीरता से ले, बिना पुष्टि किए किसी प्रकार की जानकारी पोस्ट शेयर नहीं करनी चाहिए। इस तरह बिना सोचे समझे हमारी ओर से शेयर की गई पोस्ट किसी की जिन्दगी से खिलवाड़ भी कर सकती है।यह विचार युवाओं ने राजस्थान पत्रिका व फेसबुक के साझा अभियान के तहत फेक न्यूज के खिलाफ शुद्ध का युद्ध अभियान के तहत आयोजित बैठक में रखे। रमेशगिरी गोस्वामी ने कहा कि बिना किसी मामले की पुष्टि किए कोई खबर पोस्ट कर देना गलत है। सोशल मीडिया पर सोच- समझकर जानकारी को शेयर करना चाहिए। शंकरलाल दर्जी ने कहा कि किसी व्यक्ति को झूठा बदनाम करने के लिये भी फेक न्यूज का उपयोग होता है। ऐसे में युवाओ को इस प्रकार की पोस्ट से बचना चाहिये। डॉ. बुधाराम बिश्नोई ने कहा कि फैक न्यूज एक प्रकार की झूठी अफवाह की तरह होती है, जिसका धरातल से कोई लेना- देना नहीं होता है। ऐसे में सोशल मीडिया में कोई पोस्ट शेयर करते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। गणपत दवे ने कहा कि सोशल मीडिया पर बार -बार एक पोस्ट वायरल होती है।जिसका वास्तविकता से कोई लेना- देना नहीं होता है। ऐसी जानकारी को पोस्ट नहीं करना चाहिए। महेन्द्र मांजू ने कहा कि फेक न्यूज का फायदा कम नुकसान ज्यादा होता है। प्रदीप मांजू ने कहा कि फेक न्यूज एक प्रकार का झूठ ही है। जिसका सच्चाई से कोई वास्ता नहीं होता है।
इनका कहना...
सांचौर उपखंड मुख्यालय पर सरकारी कॉलेज खुले। सभी जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान देना होगा। यह युवाओं की मुख्य मांग है। युवओं को भी ऐसे प्रत्याशी का चयन करना चाहिए जो उनकी व आमजन की बात को समझ सके।
- गणपत दवे, युवा, सांचौर
सांचौर को जिला बनाने के लिए लम्बे समय से मांग की जा रही है। क्षेत्र से चुने जाने वाले जनप्रतिनिधियों को इस बात को गम्भीरता से लेना होगा। जिला मुख्यालय से दूरी अधिक होने से लोगों को परेशानी रहती है। इस मुद्दे को प्रमुख एजेंडे में शामिल किया जाना चाहिए।
- देवेन्द्रसिंह, युवा, विरोल
सांचौर शहर में सीवरेज व सड़कों दशा को सुधारना जनप्रतिनिधयों का दाययित्व है। जीतने के बाद जनता के साथ किए वादे को नेता अक्सर भुला देते हैं। इस प्रकार की परम्परा पर विराम लगना चाहिए।
- रमेश राजपुरोहित, युवा
नेताओं को विधानसभा चुनाव में जनता के समक्ष जन एजेंडे का शपथ-पत्र भरना होगा। उसी शपथ पत्र के ऐजेंडे के आधार पर चुनाव लड़ा जाए। ताकि क्षेत्र के विकास के लिए किए गए वादे से वे मुकरे नहीं।
- रमेशगिरी, युवा, सांचौर
शहर में बसी अवैध कॉलोनियों में पार्क, पार्किंग, मूलभूत सुविधाएं व सार्वजनिक स्थानों पर शुलभ शौचालयों की सख्त जरूरत है। इस समस्या को भी ऐजेंडे में प्राथमिकता से शामिल करना होगा।
- दलपत दर्जी, शहरवासी

Published on: