
(जम्मू): जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के अरिहाल, पुलवामा में खोजी अभियान के दौरान भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया है। सुरक्षाबलों को इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। सुरक्षाबलों ने छापेमारी की, तो एक मकान से आरडीएक्स समेत हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। इस छापेमारी से पहले आतंकी वहां से भाग खड़े हुए थे। ऐसे में सुरक्षाबलों ने मकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आतंकियों का मुखबिर लिया गया हिरासत में
सूत्रों की मानें, तो हिरासत में लिया गया व्यक्ति आतंकियों का एक मुखबिर है। पुलिस अधीक्षक पुलवामा मो.असलम चौधरी ने बताया कि अरिहाल के डांगरपोरा में तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस ने 55 आरआर और सीआरपीएफ की 182वीं व 183वीं वाहिनी के जवानों के साथ मिलकर खोजी अभियान चलाया। खोज के दौरान जवानों ने बिलाल अहमद गनई पुत्र मोहम्मद अहसान गनई के मकान की तलाशी ली। बिलाल पहले भी एक बार आतंकियों के साथ कथित संबंधों के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
यह चीजें की गई बरामद
पुलिस सूत्रों की मानें तो आतंकी बिलाल के ही मकान में छिपे हुए थे, लेकिन वह कासो शुरू होने से पहले ही वहां से निकलने में कामयाब रहे। अलबत्ता, बिलाल के मकान की तलाशी लेते हुए सुरक्षाबलों ने दो किलो आरडीएक्स समेत आईईडी बनाने का सामान, डेटोनेटर, तारें, इलेक्ट्रिक चार्जर,बैटरी, रिमोट कंट्रोल एक्टिवेटिंग उपकरण, पांच मोबाइल फोन, आतंकियों के पाउच, वर्दियां, आईईडी को फिट करने के लिए काटा गया गैस सिलेंडर, पाकिस्तान में निर्मित दवाएं, खाने का कुछ सामान और लश्कर, जैश व हिज्ब से संबधित कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।