जम्मू

अनंतनाग में सेना ने मार गिराए दो आतंकी,इस आतंकी संगठन से रखते थे संबंध

इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को ठप करने के साथ बनिहाल-बारामुला रेल सेवा को भी एहतियातन बंद कर दिया है...
2 min read
• •
Updated: 25 Jul 2018, 4:31 PM IST
indian army
indian army

(श्रीनगर): दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तईबा के दो अातंकियों को मार गिराया। आतंकियों के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हो गए। इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को ठप करने के साथ बनिहाल-बारामुला रेल सेवा को भी एहतियातन बंद कर दिया है।

सेना व पुलिस ने मिलकर चलाया आॅपरेशन

अनंतनाग पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक (एसएसपी) अल्ताफ खान ने बताया कि बीती आधी रात के बाद खबर मिली थी कि अनंतनाग में लालचौक के पास कोतवाल गली में लश्कर ए तईबा के दो आतंकी अपने किसी संपर्क सूत्र के पास आए हैं। सेना की 1 अारआर, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 162वीं वाहिनी और 40वीं वाहिनी के जवानों के साथ मिलकर जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल के जवानों ने सुबह साढ़े चार बजे घेराबंदी करते हुए तलाशी अभियान शुरु किया। आतंकियों ने जवानों को अपने ठिकाने की तरफ आते देख फायरिंग शुरु कर दी। इसके बाद वहां मुठभेड़ शुरु हो गई।


सरेंडर करने को कहा,नहीं माने आतंकी

एसएसपी ने बताया कि आतंकियों को कई बार सरेंडर के लिए कहा गया। लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी। मुठभेड़ के दौरान आतंकी ठिकाना बने मकान के साथ सटे अन्य मकानों से करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों को आतंकियों की गोलियों की बाैछार में से सुरक्षित निकाला। सुबह साढे़ नौ बजे मकान के अंदर छिपे दो आतंकी मारे गए। उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल, उनकी पहचान की जा रही है।


आतंकियों की मौत के बाद शुरू हुई हिंसा

इस बीच, आतंकियों की मौत की खबर फैलते ही काडीपोरा,लाजीबल समेत अनंतनाग के विभिन्न इलाकों में आतंकी समर्थकों और पुलिस के बीच हिंसक झडपें शुरु हो गई। हालांकि प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए तड़के ही निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। लेकिन आतंकी समर्थकों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए जुलूस निकाला और पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरु कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को भी आंसूगैस के साथ बल प्रयोग करना पड़ा। हिंसक झडपों में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हो गए थे। संबधित अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ स्थल की तरफ अाने जाने वाले रास्तों को भी बंद किया जा रहा है।

Published on:
Also Read
View All