
श्रीनगर. देश में नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू हुआ है। जुर्माने की राशि को लेकर भले ही मतभेद हों, लेकिन एक बात पर सभी सहमत हैं कि यह लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने और उनकी जिन्दगी बचाने में सहायक है। हालांकि भारी जुर्माने का भय भी लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए बाध्य नहीं कर पा रहा है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति तेज गति से चलती बाइक के पीछे बैठा हुआ है। बिना ड्राइवर के यह बाइक जोरदार स्पीड में बढ़ी चली जा रह है। बाइक पर एक तरफ पैर करके बैठे इस व्यक्ति ने न तो हेलमेट लगा रखा है और नहीं बाइक पर किसी तरह का नियंत्रण है। करीब 30 सैकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। जिसको देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. किसी को ये वीडियो फनी लग रहा है तो किसी को खतरनाक। लोग तरह-तरह के कमेंट कर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं। इस खतरनाक स्टंट को टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ( Tarak Mehta ka Ulta Chashma ) के डायरेक्टर असित कुमार मोदी ने ट्विटर पर शेयर किया है।
भारी जुर्माने के विरोध में कई राज्य
मालूम हो कि गुजरात ने मंगलवार को नए मोटर व्हीकल एक्ट के जुर्माने की राशि को 50 फीसद तक कम करने की घोषणा की थी। इसके बाद बुधवार को उत्तराखंड ने भी इस मुद्दे पर कैबिनेट बैठक कर कुछ वर्ग में जुर्माने की राशि घटा दी है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को नया मोटर व्हीकल एक्ट राज्य से खत्म कर दिया है। साथ ही महाराष्ट्र ने केंद्र सरकार को पत्र लिख नए अधिनियम के जुर्मानों पर विचार करने को कहा है। केरल सरकार ने भी जुर्माना घटाने को लेकर अध्ययन शुरू कर दिया है।
चर्चा में रहे ये भारी चालान
भारी जुर्माने के साथ अन्य राज्यों में लागू मोटर व्हीकल एक्ट की कई चौंकाने वाली खबरें लगातार सामने आ रहीं हैं। पहली खबर गुडग़ांव में एक स्कूटी सवार का 23 हजार रुपए का चालान कटने की आई। इसके बाद दिल्ली में बाइक का 25000 रुपए का चालान कटने पर युवक ने उसे वहीं आग लगा दी थी। इसके अलावा एनसीआर में बाइक का 24000 व 35000 रुपए, रेवाड़ी में ट्रक 1,16,000 रुपए, गुडग़ांव में ट्रैक्टर का 59000 और दिल्ली में ट्रक वाले का 1,41,000 रुपए के चालान की खबरों ने वाहन चालकों को दहशत में डाल दिया है।