जम्मू

जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर आतंकियों ने पुलिस चेकपोस्ट पर किया हमला, सुरक्षाबलों की ओर से जारी है सर्च अभियान

पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है...

2 min read
Sep 12, 2018
indian army
indian army

(पत्रिका ब्यूरो,जम्मू): जम्मू से ट्रक में छिपकर श्रीनगर की ओर जा रहे आतंकवादियों ने जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर स्थित झज्झर कोटली में पुलिस नाके पर ट्रक की चेकिंग के दौरान पकड़े जाने की आशंका में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। भागते समय आतंकवादियों ने एक नागरिक को पुलिसकर्मी समझ कर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भागते समय आतंकवादी अपना बैग छोड़ गए, जिसमें एक एके-47, तीन मैगजीन और कुछ अन्य सामान था। आतंकवादी साथ लगते जंगलों में गायब हो गए। सेना, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाए हुए है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।


घटना सुबह 8.10 बजे की है, जब झज्झर कोटली के साथ लगते रिहायशी इलाकों के बच्चे स्कूल जा रहे थे। इस घटना के बाद इलाके में स्थित डीपीएस सहित अन्य स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। ट्रक श्रीनगर के अनंतनाग का बताया जाता है और इसके मालिक की पहचान फैयाज अहमद शेख के रूप में हुई है। जम्मू से 25 किलोमीटर दूर बने टोल प्लाजा पर ट्रक जेके03एफ-1476 तेजी से गुजरा। वहां टोल काटने वालों ने देखा कि ट्रक में दो से तीन संदिग्ध छुपे हुए हैं।


उन्होंने शक होने पर बिना समय गंवाए इसकी सूचना टोल प्लाजा से नजदीक लगती पुलिस पोस्ट को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उन्होंने देखा कि जिस नंबर के ट्रक के बारे में कहा गया था, आगे ढाबे के पास खड़ा हुआ था। ट्रक का ड्राइवर और कंडक्टर रोटी पैक कराने के लिए अंदर गए हुए थे। उस समय ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर नाश्ता कर चुके थे और आतंकवादियों के लिए परांठे पैक करवा रहे थे।


पहले तो पुलिस को लगा कि ट्रक ड्राइवर टोल न देने के कारण वहां से भागा होगा लेकिन जब उन्होंने ट्रक की तलाशी देने को कहा, तो ड्राइवर घबरा गया। पुलिस जवान ट्रक की तलाशी लेने के लिए जैसे ही आगे बढ़े, तो उसमें छिपे आतंकवादी भी घबरा गए और गोली चलाते हुए ट्रक से बाहर निकल आए। जब ये आतंकवादी जंगल की ओर भाग रहे थे, तो गांव से खाकी वर्दी पहने एक कर्मचारी को देख आतंकियों ने पुलिस वाला समझ उस पर फायर कर दिया। बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गया।

Published on:
12 Sept 2018 08:18 pm