
(जमशेदपुर): जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान के निकट बुधवार अहले सुबह शादी से लौट रही एक कार ने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
बताया गया है कि शादी से लौट रही कार पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। कार पर लगी पर्ची से पता चलता है कि जिस शादी में यह कार गई थी, उसके दूल्हे का नाम निशांत और दुल्हन का नाम नीतू है।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसा लगता है कि चालक ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया और तीन लोगों को रौंद दिया। बाद में स्थानीय लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की। बताया गया है कि स्थानीय लोगों ने कार और कार चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।