
डभरा। Chhattisgarh News: जिला केंद्रीय सहकारी बैंक डभरा शाखा अंतर्गत आने वाले सेवा सहकारी समिति छोटेकटेकोनी में किसानों के नाम से फर्जी तरीके से खाद वितरण करने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने उप पंजीयक सहकारी सेवा संस्थाएं जांजगीर में की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छोटे कटेकोनी सेवा सहकारी समिति में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर नंदराम बरेठ के द्वारा 400 बोरी यूरिया खाद का फर्जी तरीके से किसानों का नाम चढ़ाकर राशि का गबन किया गया है। बताया जा रहा है कि खाद वितरण में गड़बड़ी वर्तमान सत्र में ही की गई है। जिसमें यूरिया डीएपी खाद वितरण में लगभग 6 लाख से अधिक राशि की गड़बड़ी हुई है। जिन किसानों के नाम पर खाद वितरण होना बताया जा रहा है उन्हें जानकारी नहीं है।
शिकायत के मुताबिक ग्राम के किसान बंशीलाल चंद्रा के नाम से 8 बोरी धान और 12 बोरी युरिया वितरण बताया गया है। इसी तरह 16 बोरी डीएपी किसान गोरेलाल चंद्रा के खाते में कर्ज चढ़ा दिया गया है। कई अन्य किसानों के नाम से इसी तरह खाद वितरण दर्शाया गया है। इधर शिकायत के बाद विगत 11 सितंबर को सीईओ सहकारी देवचंद बघेल के द्वारा सेवा सहकारी समिति छोटेकटेकोनी पहुंचकर जांच की थी। दो दिनों तक जांच चली पर जांच में क्या निकला, जांच प्रतिवेदन आज तक शिकायतकर्ताओं को नहीं उपलब्ध कराया गया है न ही कम्यूटर ऑपरेटर के विरुद्ध किसी तरह की कार्रवाई हुई है।
केसीसी लोन समेत सुविधाएं नहीं मिल रही
इस संबंध में ग्रामीण किसान धनेश चंद्रा ने बताया कि सेवा सहकारी समिति छोटे कटे कोनी के कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा फर्जी तरीके से खाद का वितरण दिखाकर राशि का गबन किया गया है। जबकि किसानों को केसीसी लोन सहित अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही है।
रिश्तेदारों के नाम से की है गड़बड़ी
बताया जा रहा है कि केवल गांव के किसानों के नाम से ही नहीं बल्कि पत्नी सरोज बरेठ, अपने भतीजा अनिल कुमार बरेठ, भाभी प्रेमबाई के नाम से 50-50 बोरी युरिया खाद का वितरण पॉस मशीन में चढ़ाते हुए वितरण बताया गया है। इधर इस संबंध में जब किसानों के द्वारा सेवा सहकारी समिति छोटे कटेकोनी प्रबंधन से जानकरी मांगी जा रही है तो यही प्रबंधक के द्वारा अपना पल्ला झाड़ा जा रहा है कि इस तरह किसानों के नाम पर फर्जी तरीके से खाद वितरण की जानकारी मुझे नहीं है। मामले की शिकायत हुई है जिस पर जांच चल रही है। इधर कम्प्यूटर ऑपरेटर नंदराम बरेठ का कहना है कि धान खरीदी के समय पैसा मिल जाएगा। इसकी शिकायत ग्रामीण व किसानों ने कई बार बैंक के प्रबंधक एवं जिला पंजीयक सहकारी विभाग सहित जिले के कलेक्टर को लिखित में की गई है मगर इसके बाद भी कंप्यूटर ऑपरेटर पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जो समझ से परे हैं।
खाद वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर विगत 24 अगस्त को लिखित रूप में कम्प्यूटर ऑपरेटर को नोटिस दिया गया था। दो बार नोटिस दिया जा चुका है पर अभी तक उसके द्वारा जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया है। - राजेन्द्र पटेल, उर्वरक निरीक्षक डभरा