जांजगीर चंपा

CG Breaking news: छत्तीसगढ़ में कुएं ने निगल ली 9 लोगों की जिंदगी, मृतकों में पिता और 2 पुत्र तथा पिता-पुत्री भी शामिल

CG breaking news: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा व कोरबा जिले में हुई घटना, जांजगीर-चांपा में कुएं में जहरीली गैस से हुई 5 लोगों की मौत, जबकि कोरबा के कटघोरा इलाके में पिता को बचाने उतरी पुत्री व 2 पड़ोसियों की चली गई जान

3 min read

जांजगीर-चांपा/कोरबा. CG breaking news: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार की सुबह कुएं में 9 लोगों की जिंदगी समा गई। दरअसल जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में कुएं की सफाई करने के दौरान जहरीली गैस (Toxic gas) से एक ग्रामीण की मौत हो गई। उसे बचाने उतरे 4 अन्य लोग भी मौत के मुंह में समा गए। इनमें पिता व उसके 2 पुत्र भी शामिल हैं। वहीं कोरबा जिले के कटघोरा इलाके में पिता को कुएं में गिरा देख बचाने उतरी पुत्री व उसके 2 पड़ोसियों की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं में सभी 9 शवों को निकाल लिया गया है। इस घटना पर सीएम विष्णुदेव साय ने गहरा शोक जताया है।


पहली घटना जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत किकिरदा गांव में हुआ। यहां का निवासी रामचंद्र जायसवाल 60 वर्ष शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े 7 बजे अपने कुएं में गिरा लकड़ी का पट्टा निकालने उतरा था। काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो पत्नी ने शोर मचाया।

आवाज सुनकर पड़ोसी रमेश पटेल 50 वर्ष कुएं में उतर गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकला। यह देख रमेश के दो पुत्र जितेंद्र पटेल 25 वर्ष व राजेंद्र पटेल 20 वर्ष भी पिता को बचाने कुएं में उतरे, लेकिन उनकी भी मौत हो गई। अंत में पड़ोस का ही टिकेश्वर चंद्रा 25 वर्ष भी कुएं में उतरा, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका।

कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से सभी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से पांचों का शव बाहर निकाला। इस घटना पर सीएम विष्णुदेव साय ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा की है।

कोरबा में भी कुएं में उतरे 4 लोगों की मौत

जांजगीर-चांपा हादसे के बाद कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जुराली के डिपरापारा गांव में भी कुएं में उतरे पिता-पुत्री समेत 4 लोगों की मौत हो गई। दरअसल यहां का निवासी शिवचरण पटेल शुक्रवार की सुबह कुएं में गिर गया था।

यह देख उसकी पुत्री सपीना पटेल पिता को बचाने कुएं में उतरी, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकली। दोनों जब काफी देर तक बाहर नहीं आए तो पड़ोस में ही रहने वाले मनबोध पटेल व जरूर पटेल भी उन्हें बचाने कुएं में उतर गए। लेकिन उनकी भी मौत हो गई।

एसडीआरएफ की टीम ने निकाला शव

घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची रेस्क्यू शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद चारों का शव कुएं से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों व गांव मे ंशोक का माहौल है।

Updated on:
06 Jul 2024 07:50 am
Published on:
05 Jul 2024 03:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर