Chhattisgarh: आपसी रंजिश में बदमाशों ने सो रहे परिवार के मकान में जलता हुआ डेटोनेटर फेंक दिया। आधी रात हुए धमाके से लोग सहम गए। वारदात में एक युवक घायल हुआ है..
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के बनाहिल गांव में बम ब्लास्ट से लोग दहल उठे। गनीमत रहा कि बड़ी घटना टल गई। वरना कई लोगों की जान चली जाती। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद में डेटोनेटर घर में फेंक दिया था, वहीं फटने से पहले डेटोनेटर को घर से बाहर फेंक दिया। वरना घर में ब्लास्ट से पूरे परिवार चपेट में जाते। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई है।
यह मामला अकलतरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बनाहिल की शनिवार रात की है। (Chhattisgarh news ) आधी रात बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने किराए के मकान सह दुकान में जलता हुआ डेटोनेटर फेंक दिया। इस हमले में संचालक भूपेंद्र साहू बाल-बाल बच गए, हालांकि विस्फोट की तीव्रता से दुकान का सारा सामान चकनाचूर हो गया। घटना रात करीब 11 बजे की है। ग्राम धरदेई निवासी भूपेंद्र साहू, जो बनाहिल में वेदान्त सर्विस नाम से सीएससी सेंटर चलाते हैं, दुकान के पीछे बने कमरे में सो रहे थे।
शटर की आवाज सुनकर जब वे दुकान में आए, तो वहां धुआं भरा था और रस्सी जैसी कोई चीज जल रही थी। भूपेंद्र ने सूझबूझ दिखाते हुए उस जलते हुए डेटोनेटर को उठाकर तुरंत बाहर फेंका। फेंकते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे दुकान के कंप्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर और फर्नीचर के परखच्चे उड़ गए। धमाके की चपेट में आने से भूपेंद्र के बाएं पैर में हल्की चोट आई है।
सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी पारस पटेल के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्हें यह प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री कहां से मिली।
डेटोनेटर एक अत्यंत संवेदनशील विस्फोटक कैप है, जिसका उपयोग खदानों में भारी पत्थरों को तोड़ने के लिए किया जाता है। यदि यह मकान के भीतर फटता, तो जनहानि निश्चित थी। इस घटना के बाद से शांत इलाके में दहशत का माहौल है।
पीडि़त भूपेंद्र साहू ने बताया कि पकरिया निवासी रमन केवंट व उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद था। पति रमन केवंट पत्नी के साथ आए दिन मारपीट कर रहा था। इसे लेकर मायके वालों के कहने पर भूपेंद्र साहू उसके पति रमन को समझाइश देने के लिए गया था। इससे द्वेष में आकर रात को रमन केवंट ने डेटोनेटर (बम) दुकान के अंदर फेंक दिया। जिसे देखकर बाहर फेंका और वह फट गया। इससे दुकान का कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया और उसे भी हल्की चोटे आई।
घटना के समय भूपेन्द्र के दो भांजे, दीदी, मां, पत्नी व दो बच्चे मौजूद थे। बगल के कमरे में तीन लोग थे। अगर यह डेटोनेटर मकान के अंदर फट जाता तो बड़ा विस्फोट होता। साथ ही परिवार के सदस्यों की मौत भी हो सकती थी। क्योंकि डेटोनेटर बहुत ज्यादा खतरनाक है, खुले के बजाय बंद कमरे में ज्यादा जोर से विस्फोट होता।
मुलमुला थाना प्रभारी, पारस पटेल ने कहा कि मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। विस्फोटक सामग्री कहां से मिली इसकी पूछताछ कर रहे हैं। सोमवार को खुलासा किया जाएगा।