- जैजैपुर थाना प्रभारी ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक को किसी तरह समझाईस देकर मनाया।
जैजैपुर. राज्य सरकार और जिला प्रशासन के आला अधिकारी कितना भी दावा कर ले, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। जहां शासन द्वारा संचालित कार्यों में किस तरह घोटाले और गड़बडिय़ां की जाती है, लेकिन उन गड़बडिय़ों की बार-बार शिकायत होने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंगती है।
कुछ इसी तरह का मामला जिला सहकारी बैंक जैजैपुर अंतर्गत आने वाले सेवा सहकारी समिति तुषार में सामने आया है। जहां समिति के सदस्य रोहित सोनी के द्वारा समिति के अध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद चंद्रा के ऊपर विगत एक वर्षों से वित्तीय अनियमितता करने के आरोप लगाते हुए शासन को लाखों रुपए की चपत लगाने की शिकायत विभागीय अधिकारियों से किया था।
शिकायत पर जांच उपरांत सही पाए जाने के बावजूद भी किसी तरह की कार्यवाही नहीं होने से व्यथित समिति के ही सदस्य रोहित सोनी के द्वारा बुधवार को जैजैपुर कोऑपरेटिव बैंक के बाहर आत्मदाह करने पहुंच गया, जिसे जैजैपुर थाना प्रभारी ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवक को किसी तरह समझाईस देकर मनाया। नहीं तो आज एक बड़ी घटना घट सकती थी। पुलिस के समझाने पर तो युवक समझ गया, लेकिन उसने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इन सात दिनों में यदि समिति अध्यक्ष के ऊपर कार्यवाही नहीं होती है, तो उप पंजीयक कार्यालय जांजगीर में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
कर्मचारी भर्ती सहित राशन दुकान में गड़बड़ी
अपने शिकायत में समिति सदस्य रोहित सोनी के द्वारा धान खरीदी केंद्र तुषार एवं नंदेली में धान खरीदी के कर्मचारी भर्ती में भी नियमों को ताक पर रखकर अपने चहेतों को भर्ती करने का आरोप लागने के साथ ही धान खरीदी के बाद बारदाने का हिसाब नहीं देने का आरोप भी लगाया। शिकायत में बताया गया है कि बारदाने के हिसाब नहीं देने से समिति को मिलने वाले 3 लाख 19 हजार रुपए कमीशन से काट लेने की बात कही है। इसी प्रकार से तुषार में ही संचालित पीडीएस दुकान में बड़ी मात्रा में राशन की अफरा तफरी करने की शिकायत होने के बाद भी कार्यवाही नहीं की जा रही है।
चर्चा का विषय बना घटना
तुषार समिति में गड़बड़ी और सरकारी राशि की बंदरबाट की शिकायत और जांच में सही पाए जाने के बावजूद भी कार्यवाही नहीं होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है तुषार समिति के अध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद चंद्रा जैजैपुर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष भी है और जैजैपुर बसपा विधायक के करीबी होने के चलते सहकारिता विभाग के अधिकारी भी कार्यवाही करने में आनाकानी कर रहे है।
-धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत करने एवं कार्यवाही नहीं होने से नाराज युवक जैजैपुर कोऑपरेटिव बैंक आत्मदाह करने पहुंचा था, जिसे समझाईश देकर घर भेजा गया है- एसएस राजपूत, थाना प्रभारी जैजैपुर