16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CG Police Action: शराब के आरोपियों से रकम लेने का आरोप, सारागांव थाने के 6 पुलिसकर्मी निलंबित

Chhattisgarh News: जांजगीर-चांपा में रिश्वत लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ने के मामले में एसपी विजय पांडेय ने बड़ी कार्रवाई की है। सारागांव थाने के प्रशिक्षु SI समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जांजगीर चंपा

•

image

Shradha Jaiswal

•

Updated: 16 Nov 2026, 5:47 PM IST

CG Police Action

CG Police Action: शराब के आरोपियों से रकम लेने का आरोप(photo-patrika)

CG Police Action: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रिश्वत लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ने के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें एक प्रशिक्षु उप निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षक शामिल हैं। इन पर आबकारी एक्ट के तहत पकड़े गए आरोपियों से रकम का लेन-देन करने और उन्हें छोड़ने का आरोप है। नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

CG Police News: खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी ने दिए जांच के निर्देश

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को '1.5 लाख लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ा' शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय पांडेय ने इसकी जांच नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर को सौंपी। जांच के दौरान 4 नवंबर 2026 को आबकारी एक्ट की धारा 36 (च) के तहत दर्ज मामले में आरोपी गोपाल गोंड़ से पुलिसकर्मियों के बीच रकम के लेन-देन की बात सामने आई। जांच में सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

जांच में छह पुलिसकर्मियों के नाम आए सामने

जांच रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी गोपाल गोंड़ से प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन तथा गोवर्धन टाईगर के बीच रकम का लेन-देन होना प्रमाणित पाया गया। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

प्रशिक्षु SI से आरक्षक तक, ये छह पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े और आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, क्रमांक 495 सुनील रमन तथा क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर शामिल हैं। ये सभी सारागांव थाने में पदस्थ थे। निलंबन अवधि के दौरान सभी का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर निर्धारित किया गया है।

सारागांव थाने में पांच नए पुलिसकर्मियों की तैनाती

छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद सारागांव थाने का कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए एसपी विजय पांडेय ने नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए हैं। रक्षित केंद्र में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक समेत पांच पुलिसकर्मियों को सारागांव थाने में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्ती

शराब से जुड़े आबकारी मामले में कथित रिश्वत लेन-देन को लेकर हुई इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से अहम माना जा रहा है। खबर प्रकाशित होने के बाद जांच कराना और रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित पाए जाने पर छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करना मामले की गंभीरता को दर्शाता है। फिलहाल सभी निलंबित पुलिसकर्मियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर रहेगा, जबकि सारागांव थाने में नए पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।