Congress MLA arrested: 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज जाने के बाद पुलिस के अलावा विपक्ष ने भी इनकी पुरानी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है...
Congress MLA arrested: जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। 22 जनवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज जाने के बाद पुलिस के अलावा विपक्ष ने भी इनकी पुरानी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। हाईकोर्ट ने निर्धारित तिथि तक पुलिस को उन्हें गिरफ्तार न करने की छूट दी थी, उसके दूसरे दिन ही सुनियोजित तरीके से गिरफ्तार कर कोर्ट में दो पेटियों में भरी केस डायरी के साथ चालान पेश कर विधायक को जेल का रास्ता दिखा दिया गया।
उनकी गिरफ्तारी की मजबूत कड़ी यह है कि विधायक ने किसान रामकुमार शर्मा से जब अच्छे संबंध थे तो उनसे ब्लैंक चेक लेकर अपने व अपनी पत्नी के नाम से बैंक से 42 लाख रुपए निकाल लिया था। इसके कारण धारा 406 (बैंक से संबंधित कूटरचना) के केस में न केवल उन्हें जमानत की राह में मुश्किलें पैदा कर दी बल्कि, आग में घी डालने का काम कर दिया। आखिरकार वे चारों ओर से घिर गए और कोर्ट ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया।
2015 से 2020 के बीच बालेश्वर साहू बम्हनीडीह सहकारी बैंक में मैनेजर के पद पर पदस्थ थे। वहीं गौतम राठौर उस समय विक्रेता के पद पर काम कर रहा था। दोनों ने मिलकर किसान क्रेडिट कार्ड से लोन दिलाने का झांसा देकर ब्लैंक चेक भी ले लिए। साथ ही एचडीएफसी बैंक में दो नए खाते भी खुलवाए। इन चेकों पर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा लगाकर, दोनों ने धीरे-धीरे मिलाकर 42 लाख 78 हजार रुपए किसान के खातों से निकाल लिए। 15 जनवरी 2015 को पहली बार 51 हजार रुपए की निकासी की गई थी।
किसान राजकुमार शर्मा ने बताया कि इसके बाद रकम धीरे-धीरे बढ़ती गई। बालेश्वर साहू ने अपनी पत्नी आशा साहू के खाते में भी 7.5 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए। 2020 में एचडीएफसी बैंक चांपा से किसान के पास कॉल आया कि क्या उसने बालेश्वर साहू को पैसे निकालने की अनुमति दी है। यह सुनकर किसान के होश उड़ गए। बैंक जाकर डिटेल निकाला। इसके बाद बालेश्वर साहू के पास पहुंचा। उस समय बालेश्वर साहू ने 6 महीने के भीतर ब्याज समेत पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ। बाद में पीड़ित किसान ने विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ चांपा थाने में 14 अगस्त 2025 को शिकायत दर्ज कराई।
केस-1
विधायक बालेश्वर साहू का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक दशक पहले विधायक बालेश्वर साहू एवं उनके साथियों ने सरवानी निवासी किसान रामकुमार शर्मा के घर घुसकर मारपीट की थी। इस मामले में गंभीर धाराओं के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। मामले में आखिरकार किसी तरह बच निकले थे।
केस-2
एक साल पहले विधायक के पड़ोसी ने चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर की एसी से गर्म हवा पड़ोसियों के घर तक जा रहा था। इसके चलते उसने आपत्ति दर्ज कराई थी तो विधायक बालेश्वर साहू ने पड़ोसी से मारपीट की थी। इसके बाद इस मामले में उन्हें मुश्किल से राहत मिली थी।