जांजगीर चंपा

फिल्मी अंदाज में पुलिस की कार्रवाई! बाराती बनकर पहुंची शादी में… 8 जुआरी गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार

Sakti Gambling Raid: सक्ती जिले में पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ एक अनोखे और फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
2 min read
फिल्मी अंदाज में पुलिस की कार्रवाई! बाराती बनकर पहुंची शादी में… 8 जुआरी गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार(photo-patrika)
फिल्मी अंदाज में पुलिस की कार्रवाई! बाराती बनकर पहुंची शादी में… 8 जुआरी गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार(photo-patrika)

Sakti Gambling Raid: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ एक अनोखे और फिल्मी अंदाज में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। चौकी फगुरम क्षेत्र में पुलिस टीम बाराती बनकर पहुंची और मौके पर जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई ने न केवल जुआरियों को चौंका दिया, बल्कि जिले में पुलिस की सख्ती का भी स्पष्ट संदेश दिया।

Sakti Gambling Raid: मुखबिर की सूचना पर बनी रणनीति

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल को जानकारी दी गई। इसके बाद एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश पटेल के मार्गदर्शन में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की रणनीति तैयार की।

बारात बनकर पहुंची टीम, जुआरियों को नहीं हुआ शक

चौकी प्रभारी अनवर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम कानाकोट के खार नहर किनारे पहुंची। बाराती के वेश में पहुंची टीम को देखकर जुआरियों को कोई शक नहीं हुआ। जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, मौके पर 52 पत्ती ताश से ‘काटपत्ती’ खेल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

नकदी और सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 26,000 रुपये नगद, करीब 1 लाख रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा घटनास्थल के पास खड़ी दो संदिग्ध कारें (लगभग 30 लाख रुपये कीमत) भी बरामद की गईं। यह जब्ती इस अवैध गतिविधि के पैमाने को दर्शाती है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक कुमार साहु, शिवम साहु, संजय साहु (सारंगढ़-बिलाईगढ़), भेषज किशोर साहु (सक्ती), देवेंद्र साहू (डभरा), विरेन्द्र कुर्रे, राकेश कुमार सान्डे और दीपक कुमार चंद्रा (सक्ती) शामिल हैं।

3 आरोपी फरार, तलाश जारी

छापेमारी के दौरान 3 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल सक्ती प्रभारी सी.पी. कंवर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों का विशेष योगदान रहा।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती का संदेश

बाराती बनकर की गई इस कार्रवाई ने जिले में अवैध जुआ गतिविधियों में लिप्त लोगों को सख्त चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
11 Apr 2026 02:00 pm
Published on:
11 Apr 2026 02:00 pm
Also Read
View All