Fraud News: श्रम विभाग को एक लाख का चूना लगाया है। आरोपी शख्स ने मृत महिला को कागजों में जिंदा बताकर एक लाख रुपए निकाल लिए। वहीं जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ…
Fraud News: सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के दावों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। श्रम विभाग की योजना का लाभ दिलाने के लिए दलालों ने एक मृत महिला को कागजों में जिंदा दिखाकर न सिर्फ योजना में नाम जोड़ दिया, बल्कि एक लाख रुपए की राशि भी निकाल ली। जानकारी के अनुसार बिर्रा निवासी सुमन बाई पटेल की 27 नवंबर 2024 को मृत्यु हो चुकी थी।
इसके बावजूद 4 दिसंबर 2024 को कथित दलालों ने उसे जीवित दर्शाते हुए श्रम विभाग की श्रमिक मित्र दिव्यांग सहायता योजना में नाम दर्ज करा दिया। इसके बाद 9 दिसंबर को योजना के तहत एक लाख रुपए की राशि भी निकाल ली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि योजना की राशि निकालने के बाद दलालों ने हितग्राहियों से मिलीभगत कर रकम का बंदरबांट कर लिया। यह पूरा खेल विभागीय मिलीभगत के बिना संभव नहीं माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कागजात पूरे कराने के दौरान दलाल गांव की मितानिन के पास हस्ताक्षर कराने पहुंचे थे, लेकिन मितानिन ने कूटरचना में फंसने के डर से दस्तखत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर लेबर इंस्पेक्टर की सहमति से दस्तावेजों को मंजूरी दिला दी गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने पहले पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज जुटाए और फिर कलेक्टर व एसपी से लिखित शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिला श्रम पदाधिकारी समीर मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।