
RKM पावर प्लांट में बड़ा हादसा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: जांजगीर-चांपा जिले के थाना डभरा क्षेत्र अंतर्गत उच्चपिंडा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में कार्यरत एक कर्मचारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय सुरेश कुमार टंडन जो ग्राम पंचायत सारसकेला के निवासी बताया जा रहा है। 27 फरवरी 2026 की सुबह 5.48 बजे प्लांट में पंचिंग कर ड्यूटी पर पहुंचा था लेकिन ड्यूटी समाप्ति के बाद से अब तक घर नहीं लौटा है।
परिजनों के अनुसार, सुरेश टंडन का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है और उनसे किसी प्रकार का संपर्क नहीं हो पा रहा है। मामले में चौकी फगुरम में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से परिवार और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
परिजन और ग्रामीण शनिवार को आरकेएम पावर प्लांट के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए हैं। उनका आरोप है कि प्लांट प्रबंधन मामले में स्पष्ट जानकारी देने से बच रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्लांट परिसर की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और पूरी पारदर्शिता के साथ जांच में सहयोग की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सुरेश टंडन ने नियमित रूप से प्लांट में प्रवेश किया तो ड्यूटी के बाद उनके बाहर निकलने का रिकॉर्ड और फुटेज उपलब्ध कराया जाना चाहिए। प्रबंधन की चुप्पी से संदेह और गहराता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छह महीने पूर्व इसी प्लांट में 40 मीटर ऊंचाई से लिफ्ट गिरने की घटना हुई थी, जिसमें पांच मजदूरों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आने की बात कही गई थी। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और जांच कमेटी का गठन भी हुआ, लेकिन आज तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व घटनाओं में कार्रवाई नहीं होने से प्रबंधन के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार जारी है।
डभरा पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और प्लांट प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है। सुरेश टंडन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में आशंका और तनाव का माहौल है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
Published on:
01 Mar 2026 02:05 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
