-दोनों तस्करों के कब्जे से नौ किलो गांजा जब्त
जांजगीर.चांपा। क्राइम ब्रांच की टीम व डभरा पुलिस ने मंगलवार को दो लोगों के कब्जे से 45 हजार रुपए का गांजा जब्त किया है। दोनों तस्कर गांजा को खपाने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। ऐन वक्त में मुखबिर ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने दोनों गांजा तस्कर को पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल दाखिल किया है। जिले में गांजा की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रहा है।
ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र डभरा मालखरौदा चंद्रपुर से हर रोज गांजा की सप्लाई हो रही है। जिले के हर थाना क्षेत्र में हर रोज एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो रही है। बड़ी संख्या में लोगों को सजा भी मिल रही है। इसके बाद भी लोग गांजा तस्करी से बाज नहीं आ रहे हैं।
हर बार की तरह डभीर थाना प्रभारी अजय शंकर त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि साल्हे निवासी सनत कुमार पोबिया (33) अपने साथी रेड़ा निवासी नरेंद्र कुमार पटेल (47) के साथ मिलकर गांजा का बड़ा खेप ओडिशा से लाए हैं और ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई और स्टॉफ के साथ मिलकर छापेमारी के लिए निकल पड़ी।
गांजा तस्कर पुलिस को देखकर भागने के फिराक में थे लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों तस्करों के कब्जे से नौ किलो गांजा जब्त किया गया है। जिसकी कीमत 45 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया है। पुलिस का कहना है इन आरोपियों से गांजा तस्कर करने वाले अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। गांजा तस्करों का जाल पूरे जिले में बिछा हुआ है, इसका बुरा असर नाबालिगों पर पड़ रहा है। पुलिस इनसे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। उक्त कार्रवाई में क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा एवं डभरा टीर्आइ अजय शंकर त्रिपाठी, एसआई एनके तिवारी, एएसआई एएल साहू, आरक्षक बाबूलाल पटेल, जय कुमार लहरे सहित उनकी टीम का योगदान था।