
जांजगीर-चांपा. जिला अस्पताल के डॉ. अनिल जगत के छुट्टी में जाने के बाद जिला अस्पताल की वार्डों में राउंड व्यवस्था चरमरा गई है। उनके स्थान पर अब जिला अस्पताल के 16 डॉक्टरों की ड्यूटी 8 वार्डों में लगाई गई है। 16 डॉक्टर हर रोज सुबह पहले निर्धारित वार्डों में राऊंड कर मरीजों का हाल चाल जानेंगे, इसके बाद वे ओपीडी में सेवा देंगे। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है क्योंकि डॉक्टर जगत अनिश्चितकालीन छुट्टी पर हैं। दरअसल डॉ. जगत की जिम्मेदारी अस्पताल के सभी 8 वार्डों में राउंड की थी। उनके नहीं होने के कारण इस तरह अस्थाई व्यवस्था बनाई
गई है।
नए फरमान से जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टेंशन बढ़ गई है। डॉक्टर पहले जिला अस्पताल पहुंचते हैं और ड्यूटी चार्ट देखकर पहले वार्डों में राउंड मारते हैं। इसके बाद वे ओपीडी में सेवा दे रहे हैं। गौरतलब है कि जिला अस्पताल के रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले डॉ. अनिल जगत के पिता की तबीयत खराब है। उनका अपोलो में इलाज चल रहा है।
इसके कारण वे अनिश्चितकालीन छुट्टी पर हैं। उनके नहीं होने पर जिला अस्पताल में मरीजों के आंकड़ों में कमी आई है। वहीं वार्डों में राउंड करने वाला कोई नहीं है। जिसे देखते हुए हाल ही में सिविल सर्जन ने नई व्यवस्था बनाई है। अस्पताल के विभिन्न आठ वार्डों में 16 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई है। सुबह नौ बजे शेड्यूल के हिसाब से डॉक्टर अपने निर्धारित वार्ड में पहले राउंड मारते हैं। इसके बाद वे ओपीडी में बैठते हैं।
अस्पताल में वीरानी
जिला अस्पताल के डाक्टर जगत बीते 10 दिनों से वे छुट्टी में हैं। उनके छुट्टी में जाने के बाद जिला अस्पताल में अपेक्षानुरूप मरीज नहीं पहुंच रहे हैं। उनकी उपस्थिति में जहां हर रोज ओपीडी में तकरीबन 250 मरीज पहुंचते हैं, लेकिन जब से वे छुट्टी में गए हैं तब से मरीजों का आंकड़ा 200 पार नहीं हो रहा है।
डॉक्टरों का बढ़ा टेंशन
जिला अस्पताल के 16 डॉक्टरों की ड्यूटी वार्डों में लगाए जाने के बाद उनकी टेंशन बढ़ गई है। एक डॉक्टर लेट से पहुंचते हैं उसके उपर दोहरा काम सौंपे जाने के बाद डॉक्टर दबाव में है। इस बात से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिला अस्पताल के डॉक्टर जिम्मेदारी को लेकर दूर भागते हैं।
इनकी लगी ड्यूटी
डॉ. आरडी गुप्ता, डॉ. संदीप साहू , डॉ. डीपी देवांगन, डॉ.एनके धुर्वे, डॉ. विजय श्रीवास्तव, डॉ. निलेश महोबिया, डॉ. एचएच चंदेल, डॉ.राजेश वस्त्रका, डॉ. पीएस कुर्रे, डॉ.यूके मरकाम सर्जिकल वार्ड, डॉ. हरीश चौहान, डॉ. ममता जगत, डॉ. मर्सिलिना किस्पोट्टा, डॉ. श्वेता लाल , डॉ. अरविंद एक्का, डॉ. मनोज राठौर
डॉक्टर जगत के छुट्टी में जाने के बाद जिला अस्पताल के कोई डॉक्टर वार्डों में राउंड लेने कोताही बरतते थे। इसके कारण सभी डॉक्टरों को अलग- अलग वार्डों में ड्यूटी लगाई गई है- डॉ. शरद चंद श्रीवास्तव, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल