
जांजगीर-चांपा. सारागांव थानांतर्गत ग्राम अफरीद में शराब का पैसा कलेक्शन करने वाले युवक से दो संदिग्ध युवकों ने एक लाख 18 हजार से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घटना रविवार देर रात की है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी नीतु कमल खुद घटना स्थल का मौका मुआयना करने पहुंची थी। फिलहाल पुलिस अज्ञात लुटेरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।
सारागांव पुलिस के अनुसार अफरीद निवासी उमेश यादव शराब दुकान का पैसा कलेक्शन करने का कार्य करता है। वह रविवार को चोरिया क्षेत्र के शराब दुकान का पैसा कलेक्शन कर एक लाख 18 हजार रुपए को अपने बैग में रखा था। यह पैसा शराब दुकान के कैस कलेक्शन करने वाली वेन के कर्मचारियों के पास जमा करना था।
उमेश यादव अपने साथी कोमल यादव के साथ रात एक बजे वेन का इंतजार करते हुए अफरीद के गढ़ पारा मेन रोड के पास स्थित अपने दोस्त के घर के पास बैठा था, लेकिन वेन देर तक आई नहीं। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक बाइक से आए और उनका बैग छीनकर भाग निकले। बैग में एक लाख 18 हजार रुपए था।
लूट होने के बाद उमेश यादव ने मामले की सूचना सीधे एसी नीतु कमल को दी। एसपी खुद रात को घटना स्थल पहुंच गईं और जांच के लिए जुट गई। उन्होंने मामले की जांच का जिम्मा सारागांव पुलिस को दिया है। सारागांव पुलिस अज्ञात लुटेरों के खिलाफ धारा 394 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
लुटेरे गिरा बैठे मोबाइल
बताया जा रहा है कि लुटेरे घटना स्थल में अपना मोबाइल गिरा डाले, जिसे पीडि़त उमेश यादव ने देख लिया। उमेश यादव मोबाइल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। मोबाइल के आधार पर पुलिस लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मोबाइल नंबर ट्रेस कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को भरोसा है कि मोबाइल नंबर के आधार पर लुटेरे बहुत जल्द पकड़े जाएंगे। लूट की घटना की गुत्थी सुलझाने क्राइम ब्रांच भी लगी हुई है।
जांच की जा रही
सारागांव थानांतर्गत ग्राम अफरीद में शराब दुकान का पैसा कलेक्शन करने वाले युवक से एक लाख 18 हजार रुपए की लूट हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
-उदयन बेहार, एसडीओपी चांपा