मोबाइल लेने वितरण केंद्र तक पहुंच रहे
जांजगीर-चांपा. जिले में शासन की योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मोबाइल फोन का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान देखने में आ रहा है कि हितग्राही किसी भी हाल में हो, लेकिन मोबाइल लेने वितरण केंद्र तक पहुंच रहे हैं।
योजना की औपचारिक शुरूआत के बाद अब वार्डवार मोबाइल फोन का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए जिला मुख्यालय जांजगीर में तीन वार्डों के संकुल बनाकर एक वितरण केंद्र का निर्धारण किया गया है, जहां निर्धारित तिथि को संबंधित वार्ड के लोग पहुंचकर औपचारिकता पूरी करने के बाद अपना मोबाइल ले जा रहे हैं।
इन केंद्रों में संबंधित हितग्राहियों को मोबाइल से संबंधित जानकारी देने तथा सीम एक्टीव करने के लिए विशेषज्ञ भी उपलब्ध रहते हैं, जो तत्काल मोबाइल को शुरू कर देते हैं। वितरण केंद्रों में लोगों की भीड़ लग रही है। इन भीड़ में कुछ ऐसे नजारे दिख रहे हैं, जो लोगों का मोबाइल के प्रति जुनून को दिखाता है।
मोबाइल पाने के लिए नि: शक्त लोग भी वितरण केंद्र पहुंच रहे हैं। वितरण केंद्र पहुंचने पर ऐसे लोगों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ऐसा ही नजारा वार्ड नंबर चार के वितरण केंद्र में भी देखने को मिला, जहां पैरों में चोट लगे होने के बाद भी दूसरे के सहारे से मोबाइल लेने एक बुजुर्ग हितग्राही पहुंचा। हितग्राही बलदेव प्रसाद कश्यप नि: शक्त हैं और ट्रायसायकल पर चलते हैं। उसके परिजन किसी तरह वितरण केंद्र तक लाए और उसने अपना मोबाइल लिया, जिसे तत्काल एक्टीवेट किया गया।
घर पहुचाकर दिए मोबाइल
वार्ड क्रमांक चार के पार्षद अरमान खान ने बताया कि वार्ड की एक महिला जिसके पांव में प्लास्टर लगा है और वह चलने-फिरने में असमर्थ है। अनीशा के पैर मेें चोट लगने के बाद प्लास्टर चढ़ाया गया है। प्लास्टर के साथ पैरों में राड लगे होने के कारण वह पैदल चलने में असमर्थ है। इस बात का पता चलने पर उस महिला अनीशा बेगम के घर जाकर औपचारिकता पूरी करते हुए मोबाइल प्रदान किया गया। पार्षद खान के साथ सीएमओ सुशीलचंद्र शर्मा भी साथ रहे।
नेताओं से बात करने का फितूर
हितग्राहियों को मोबाइल फोन वितरण करते ही फोन एक्टीवेट कराने के साथ ही उसी फोन से बड़े नेता या मंत्री से बात कराने की मांग हितग्राही कर रहे हैं और मोबाइल के लिए उन्हें धन्यावद ज्ञापित कर रहे हैं। इस संबंध में पार्षद अरमान खान ने बताया कि हितग्राही बुधनकुंवर कश्यप को मोबाइल प्रदान करने के बाद सांसद रणविजय सिंह जूदेव से बात कराया गया। इसी तरह नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल से अनीशा बेगम की बात कराई गई।