
छात्रा भी अपने साथ डेंगू का डंक लेकर आई
जांजगीर-चांपा. भिलाई के डेंगू के डंक का असर अब जांजगीर तक पहुंच चुका है। भिलाई से कोचिंग कर लौटी सरवानी (बम्हनीडीह) की छात्रा भी अपने साथ डेंगू का डंक लेकर आई थी। उसकी तबीयत बिगडऩे पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे सिम्स रेफर कर दिया है।
इसी तरह मोहगांव सक्ती का 56 वर्षीय मरीज मिला है। उसे भी बिलासपुर रेफर किया गया है। एक दिन दो -दो मरीज मिलने से जिले में हड़कंप मच गया है।
दुर्ग भिलाई में डेंगू ने तेजी से पांव पसार दिया है। यहां 13 दिन में 14 लोगों की मौत हो चुकी। इसके बाद प्रदेश के और भी जिले इससे प्रभावित हो रहे हैं। सोमवार को जांजगीर में भी डेंगू के दो मरीज मिले हैं। जिसमें एक छात्रा सुधा पिता मोहरसाय सूर्यवंशी (18) भिलाई में रहकर कोचिंग कर रही थी।
भिलाई में उसकी तबीयत ठीक नहीं लग रहा था तब वह हाल ही में वह अपने गांव सरवानी आ गई। गांव में उसकी तबीयत और गहराते गया। तब उसके परिजनों ने सोमवार की सुबह 10.30 बजे उसे सीधे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उसका ब्लड टेस्ट कराया गया। तब पता चला कि उसे डेंगू हो चुका है। यहां के डॉक्टरों ने देर नहीं की और उसे सीधी बिलासपुर रेफर कर दिया है। इसी तरह सोमवार की सुबह 11 बजे सक्ती क्षेत्र के मोहगांव का समारू पिता नोहर साय यादव (56) भर्ती हुआ।
उसके शरीर में भी डेंगू के लक्षण पाए गए। ब्लड टेस्ट के बाद उसके भी ब्लड में पॉजिटीव रिपोर्ट मिला। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सिम्स रेफर कर दिया है।
-जिला अस्पताल में सोमवार को डेंगू के दो मरीज मिले हैं। दोनों की प्राथमिक उपचार किया गया इसके बाद दोनों को सिम्स रेफर किया गया है।
-डॉ यूके मरकाम, प्रभारी सिविल सर्जन जिला अस्पताल जांजगीर
Published on:
13 Aug 2018 08:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
