मुख्यालय के अधिकारी शासन के नियमों के विपरीत काम कर रहे
बम्हनीडीह. मुख्यालय के जिम्मेदार अधिकारी कलक्टर के आदेश के बाद भी अपना निवास मुख्यालय में नहीं रखे और प्रतिदिन दूर से आना-जाना कर रहे हैं। मुख्यालय के अधिकारी शासन के नियमों के विपरीत काम कर रहे हैं। अधिकारी ब्लॉक मुख्यालय में नहीं रहकर 30 से 90 किलोमीटर दूर से आना-जाना कर रहे हैं।
कहा जाए इस स्थिति में कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से भागने की कोशिश कर रहे हैं। जनता शासकीय काम के आवेदनों को लेकर सुबह से शाम तक इंतजार करते हैं या फिर कई दिनों तक दफ्तर का चक्कर लगाते रहते हैं।
मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही
शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों की ऐसी गैर जिम्मेदारी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में विकास सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए समय पर पहल नहीं हो पा रही है। अंत में मजबूर होकर लोग अपनी समस्या लेकर उच्च अधिकारी के पास जाने को मजबूर हैं।
जिला बैठक का बनाते हैं बहाना
अधिकारियों से मिलाना चाहो तो अधिनस्थ कर्मचारियों से पता चलता है कि वे ब्लॉक मुख्यालय से अक्सर जिला कार्यालय में बैठक पर जाने की बात कहकर गायब रहते हैं। एक कर्मचारी ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि अधिकारी बैठक में नहीं पारिवारिक काम निपटाने घर चले जाते हैं। फोन पर कह देते हैं गांवों के दौरे पर हैं। ज्यादातर पुरुष अधिकारी अपनी कार व मोटरसाइकिल से ही दूसरे शहर से आना-जाना करते हैं।
वहीं एसडीओ तो कई किलोमीटर दूर बिलासपुर मे अपना निवास रखे है। वही इंजीनियर भी ड्यूटी समय पर कभी नहीं मिलते है। इस संबंध में बीएस पैकरा एसडीओ को फोन किया गया पर उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। जैजैपुर विधानसभा के युवा कांग्रेसी व समाजसेवी बालेश्वर साहू का कहना है कि अधिकारियों का मुख्यालय में नहीं रहना गंभीर विषय है। इस संबंध में जल्द ही कलक्टर को अवगत कराया जाएगा।
-ब्लाक मुख्यालय में भवन नही है। इस कारण आते-जाते होंगे, लेकिन एसडीओ को मुख्यालय में भवन व्यवस्था कर रहना चाहिए।
-मुकेश रावटे, सीईओ जनपद पंचायत बम्हनीडीह