जांजगीर चंपा

VIDEO- पिकअप ने स्कूटी को मारी ठोकर, इलाज के दौरान दो महिलाओं ने तोड़ा दम, शहर में मातम

- अकलतरा मेन रोड में बुधवार की रात हुई घटना, पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ जुर्म किया दर्ज

2 min read
VIDEO- पिकअप ने स्कूटी को मारी ठोकर, इलाज के दौरान दो महिलाओं ने तोड़ा दम, शहर में मातम

जांजगीर-चांपा. अकलतरा मेन रोड में बुधवार की रात 8.40 बजे देवभोग दूध कलेक्शन करने वाली पिकअप की स्कूटी में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि स्कूटी सवार महिलाएं सड़क किनारे फेका गए। उन्हें गंभीर अवस्था में अपोलो में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों महिलाओं की मौत हो गई। अकलतरा की दो महिलाओं की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद शहर में मातम पसरा हुआ है। इधर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है।

अकलतरा टीआई उमेश मिश्रा ने बताया कि देवभोद दूध कंपनी का महिंद्रा पिकअप क्रमांक सीजी 10 एएच 7208 गांव गांव में दूध संकलित करने का काम करती है। यह गाड़ी बुधवार की रात तरौद, कटघरी, कोटमीसोनार सहित आसपास के गांवों में दूध संग्रहित कर अकलतरा शहर की ओर जाने के लिए निकली थी।

इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी में सवार रेशु जैन एवं शोभा जैन अकलतरा मोड़ की ओर जा रहे थे। स्कूटी में दोनों महिला सवार थीं और सामने से आ रहे पिकअप को देख नहीं पाए और दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि स्कूटी सवार दोनों महिला छिटक कर गिर पड़े। उन्हें गंभीर अवस्था में अपोलो में भर्ती कराया गया। जहां रात को दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने दूधवाली पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन चालक लिमतरा मस्तूरी निवासी दीपक निशाद के खिलाफ धारा 304 ए के तहत जुर्म दर्ज किया है। पिकअप बिलासपुर निवासी किसी भोई की है, जिसने देवभोग दूध कलेक्शन कंपनी को किराए में दिया था।

अकलतरा में शोक की लहर
नगर के आटा चक्की संचालित करने वाले जैन परिवार के दो महिलाओं की मौत के बाद पूरे शहर में शोक की लहर है। नगर में होली का त्योहार मनाना मुश्किल हो गया है। शहर के लोग आपस में होली की मस्ती को छोड़ केवल महिलाओं की मौत की चर्चा कर रहे हैं।

Published on:
01 Mar 2018 02:00 pm