
जशपुर/फरसाबहार. जशपुर जिले के ओडिशा से लगे फरसाबहार विकासखण्ड के तपकरा वन परिक्षेत्र में ओडिशा के जगंलों से भटककर आए अकेले नर दंतैल ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक ग्रामीण की पहले सूंड से उठाकर जमीन पर पटककर फिर पैरों से कुचलकर जान ले ली। हाथी के हमले में मृतक की पत्नी ने किसी प्रकार घर के पीछे भाग कर अपनी जान बचाई। इससे पहले इस जंगली हाथी को यहां से खदेडऩे के क्रम में ग्रामीणों ने उसपर भारी पथराव किया जिससे हाथी घायल होगया था और हिंसक भी। इस पूरे मामले में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को ओडिशा से एक दंतैल हाथी जुनाडीह तरफ से छत्तीसगढ़ में घुस आया जिसे जुनाडीह के ग्रामीणों ने वापस ओडिशा की ओर भगाना चाहा लेकिन वह खारीबहार की तरफ शाम 6-7 बजे तक पहुंच गया। जहां से उसे ग्रामीणों ने भगाया तो वह सतपुरिया जंगल कोनपारा कि तरफ आ गया जहां दतैल हाथी ने चार घरों को तोड़ दिया। रात लगभग 10.40 बजे ग्रामीणों ने भारी पत्थराव कर हाथी को घायल कर दिया। घायल हाथी कोनपारा से कुम्हारबहार आ गया जहां उसने तीन घरों को तोड़ा। हाथी द्वारा घर तोडऩे के दौरान लोग खूब हल्ला मचा रहे थे। रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच सड़क के किनारे बने घर मालिक बडख़ा साय पिता लोहर साय जाति कंवर उम्र लगभग 75 वर्ष हाथी उधर से मृतक के घर की ओर जंगल की तरफ जा रहा था कि लोगो के हल्ला मचाने से घर के बाहर सो रही मृतक की पत्नी ने पति को उठा दिया और उन्हें बताया कि हाथी आया है। मृतक की पत्नी ने टार्च मार कर देखा तो हाथी बाड़ी के उस पार था जो टार्च मारने से बाड़ी तोड़ कर घर की तरफ आ गया। मृतक की पत्नी जो भाग कर घर के पीछे चली गई, लेकिन मृतक सीधे उठ कर जंगल की तरफ भागा। हाथी ने मृतक बडख़ा साय को भागते हुए देखा तो दौड़ा कर सूड़ से पकड़ लिया और उठा कर पटक दिया। फिर पैरों से कुचल कर मार डाला और घायल दंतैल हाथी वहंा से डुमरिया पहाड़ की ओर चढ़ गया।
सायरन बजा कर किया सचेत : लोगों की आवाज सुनकर मृतक की पत्नी उठी और मृतक को भी उठाई और उसी दौरान हाथी को देखने के लिए चारो तरफ टार्च की रोशनी मारी। हाथी जंगल की तरफ जा रहा था, कि टार्च की रोशनी पडऩे पर वापस घर की बाड़ी को तोड़ कर घर में घुस गया।
डीजे के कारण नहीं सुन सके सायरन : वन विभाग की टीम ने महुआडीह, कुम्हारबहार एंव डुमरिया क्षेत्र में सायरन बजाकर हाथी होने की सूचना दी, लेकिन ग्रामीण नहीं सुन पाए। डीजे के कारण ग्रामीण नही सुन पाए सायरन की आवाज क्योंकि घटना स्थल से 500 मीटर की दूरी पर शादी चल रही थी जहां लोग डीजे बजाकर नाच रहे थे। लेकिन डीजे की आवाज के कारण हाथी की सूचना नहीं मिल पाई।
डुमरिया पहाड़ पर है घायल दंतैल हाथी : वन विभाग की सूचना के आधार पर घायल दंतैल हाथी आर एफ 989 डुमरिया, लकड़ाघरा एंव भगोरा के बीच जंगल में है। हाथी डुमरिया, अम्बाकछार, भगोरा, सीमाबारी, लकड़ाघरा, बोखी व कुम्हारबहार किसी भी ओर जा सकता है। विभाग ने सभी को सावधान रहने की सूचना दी है।
दी गई आर्थिक सहायता : वन विभाग के तपकरा वन परिक्षेत्राधिकारी जे.पी. दुबे ने घटना स्थल पहुॅच कर मृतक की पत्नी सुखमनी को 25 हजार रुपए की तत्काल सहायता राशि प्रदान की। और मुआवजा के लिए प्रकरण तैयार किया। साथ ही क्षेत्र के लोगों को सावधान रहने एंव हाथी के आने पर संयम रखने की बात कही।