जशपुर नगर

जिले से लगे झारखंड सीमा पर सक्रिय हुआ नक्सली संगठन पीएलएफआई

लंबे समय तक शांत रहने के बाद फिर जिले से लगे झारखंड के सरहदी क्षेत्रों में नक्सली सुगबुगाहट
3 min read
• •
Updated: 19 Jan 2018, 1:31 PM IST
jashpur nagar

जशपुरनगर. करीब साल भर तक शांत रहने के बाद एक बार फिर नक्सली संगठन पीएलएआई (पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंड ऑफ इंडिया) जशपुर जिले की लगने वाली झारखंड की सीमा पर सक्रिय हो गया है। करीब एक माह पहले पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप ने सभी दस्तों की बैठक लेकर उनमें से एरिया और जोनल कमांडरों का गठन किया और उन्हे क्षेत्र में आतंक फैलाने की जिम्मेदारी दी है। हालांकि अभी जशपुर जिले में ये दस्ते सक्रिय नहीं हो पाए हैं, पर सीमा से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिससे सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा बल पीएलएफआई की सहक्रियता पर लगातार नजर रख रहे हैं। वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में सीआरपीएफ और पुलिस बल की सर्चिंग बढ़ा दी गई है। जिले की उत्तरी और पूर्वी सीमा झारखंड से लगती है। झारखंड में नक्सलियों का व्यापक प्रभाव है। बीते लंबे समय से जशपुर जिले के अलावा झारखंड के बार्डर इलाकों में पीएलएफआई काफी सक्रिय था। पर करीब साल भर से यह संगठन बिल्कुल शांत पड़ा हुआ था। करीब पखवाड़े भर पहले से पीएलएफआई की अचानक सक्रियता ने सुरक्षा बलों को हैरान कर दिया है। बताया जाता है कि इस संगठन के करीब तीन-चार अलग-अलग दस्ते सीमा से लगे गांवों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं और वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

जशपुर जिला कुसमी, सरगुजा, ओडिशा व झारखंड से सटे होने से शंख कोयल जोन के अंतर्गत आता है। वर्ष 2000 से 2001 के बीच नक्सलियों ने झारखंड के रास्ते प्रवेश कर सीमा से सटे गांव में संगठन खड़ा करने का प्रयास किया पर लोगों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाने से अभियान प्रचार तक सीमित रह गया। 2002 में नक्सली घटना जिले में प्रकाश में आई उस समय रामदेव गैंग बगीचा सन्ना एरिया का कमांड संभाल रहा था। अवतार, भूषण, सुमन व मंगल नगेसिया का गैंग लोदाम जशपुर क्षेत्र में सक्रिय होकर संगठन बनाने का प्रयास कर रहे थे। कंचन का गैंग दुलदुला व बुद्धेश्वर का गैंग आस्ता क्षेत्र में सक्रिय था। 2001- 02 में इन्होंने 2 की हत्या का प्रयास, एक डकैती, दो धमकी एवं दो बलवा का मामला दर्ज हुआ। 2003 में बालेश्वर यादव ने उसी गैंग के एक सदस्य की हत्या कर दी। जशपुर जिले में सीआरपीएफ की तैनाती कर दी गई। सर्चिंग और दबाव के कारण नक्सली यहां पैठ जमाने में असफल रहे, पर 2005 में 6 फरवरी की रात 350 नक्सलियों ने आरा पहुंचने वाले मार्गों को अवरूद्ध कर जिले के आरा चौकी में रात 1 बजे चौतरफा हमला कर दिया था। यह जिले की सबसे बड़ी घटना था। दो जवान चंद्रशेखर कुर्रे एवं हुनेश्वर कुर्रे शहीद और 8 जवान भी घायल हो गए थे। चौकी के सशस्त्रागार को भी लूट लिया गया था। उस समय मंगल नगेसिया माओवादियों के संगठन में एरिया कमांडर था। बाद में उसका विवाद बढऩे से माओवादी संगठन छोड़ कर स्वयं का ग्रूप बना लिया। इसके बाद वह पीपीएलएफआई में शामिल हो गया था। कुछ दिनों पहले उसे पीपीएलएफआई से निकाल दिया गया है और वह दूसरा संगठन बना लिया था।

2012 में लगाया गया था प्रतिबंध- झारखंड के साथ-साथ जिले में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके पीएलएफआई और टीपीसी को छत्तीसगढ़ में वर्ष 26 मई २०१२ से आंतकवादी संगठन के दायरे में रखते हुए उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि दोनों संगठनों में पीएलएफआई का ही दबदबा है। टीपीसी का यदाकदा ही इस क्षेत्र में उपस्थिति का आभास कभी कभार होता था। पीपीएलएफआई के सदस्य इस क्षेत्र में फिरौती के लिए काम करते हैं और दर्जनों मामले दर्ज है। जनहित क्रांति के सदस्यों के द्वारा ज्यादातर पड़ोसी राज्यों में ही घटनाओं को अंजाम दिया है। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी जिला गुमला झारखंड जिला मुख्यालय जशपुर से मात्र 50 किलोमीटर पर स्थित है। वहीं मंगल नगेसिया के मारे जाने के बाद से यह संगठन टुूट गया और इनके द्वारा किसी भी प्रकार की कोई घटनाओं को अंजाम नहीं दिया गया है। जशपुर पुलिस ने इन दोनो संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रतिवेदन बना कर पुलिस मुख्यालय को भेजा था। जिसके बाद से इन दोनो संगठनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
सीमा पर एक टैंकर पर किया था हमला- इससे पहले 27 दिसंबर को पीएलएफआई के नक्सलियों ने जशपुर की सीमा से लगने वाले रायडीह साहीटोली में सिवालिया कंपनी के एक टैंकर पर हमला किया था। जिस स्थान पर यह टैंकर था। वहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। करीब एक माह से इस संगठन की लगातार सक्रियता से यहां सुरक्षा बल पर्याप्त ऐहतियात बरत रहे हैं। वहीं एसपी का कहना है कि जशपुर जिले में किसी भी कीमत पर नक्सलियों को पांव पसारने नहीं दिया जाएगा। हालांकि झारखंड का रायडीह थाना क्षेत्र जिले के बार्डर से लगा हुआ है और रायडीह थाना मात्र १५ किलोमीटर के दूरी पर स्थित है।

Updated on:
19 Jan 2018, 1:31 PM IST
Published on: