जौनपुर

दरगाह आई महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का लगाया आरोप, 3 के खिलाफ दी शिकायत, पुलिस की थ्योरी अलग

शाहगंज थानाक्षेत्र के शाहबाबा मजार पर मत्था टेकने आई महिला ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने बताया है कि मामला संदिग्ध है और महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है....

2 min read
Mar 13, 2026
Gang rape (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जौनपुर: शाहगंज थाना क्षेत्र के शाहबाबा मजार पर मत्था टेकने आई महिला ने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, घर लौट के दौरान तीन लोग उसके पास आए और लिफ्ट देने का बहाना बनाकर झाड़ियों में ले जाकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बारी-बारी दुष्कर्म किया. हालांकि, पुलिस ने बताया है कि मामला संदिग्ध है और जांच की जा रही है।

लिफ्ट देने के बहाने आरोपियों ने कार में बैठाया

जानकारी के मुताबिक, शाहगंज थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित शाहबाबा मजार पर गुरुवार की दोपहर पास के गांव की एक महिला मत्था टेकने पहुंची। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसके साथ उसके गांव के ही तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। महिला ने बताया कि वह सरपतहा थानाक्षेत्र में स्थित अपने घर लौट रही थी और रात हो गई थी। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग आए और लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया।

झाड़ियों में ले जाकर किया दुष्कर्म

महिला ने बताया कि इस दौरान आरोपी कार में ही उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। इस दौरान उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और पास में ही झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ फिर से छेड़छाड़ करना शुरू किया। महिला ने बताया कि विरोध करने और चिल्लाने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और तीनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसे रेलवे फाटक के पास फेंक दिया और भाग गए।

पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध

महिला ने बताया कि वह बेहोश हो गई और होश में आने के बाद किसी तरह अस्पताल पहुंची और इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं, शाहगंज क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। महिला ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है, उन लोगों ने महिला के ऊपर पैसे के लेनदेन को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश की वजह से ही महिला ने आरोप लगाया है। फिलहाल, मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया है।

Published on:
13 Mar 2026 01:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर