
Pc-Video grab
Jaunpur Education Department :उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल में पहली कक्षा के छात्र को शिक्षक स्कूल में ही बंद कर घर चले गए। इसके बाद बच्चा करीब डेढ़ घंटे तक अकेले क्लास रूम में रोता रहा। बताया जा रहा है कि छात्र कक्षा के गेट को पीटता रहा और खिड़की से आवाज लग रहा था। बच्चा जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश की और स्कूल आने पर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण यहां एक प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा में पढ़ने वाला छात्र शुक्रवार को विद्यालय में ही फंस गया। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद सारे अध्यापक और कर्मचारी स्कूल में ताला लगाकर घर चले गए। बच्चा जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन जब स्कूल पहुंचे तो खिड़की से किसी बच्चे की रोने की आवाज आ रही थी, जिसके बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी स्कूल स्टाफ को दी।
स्कूल के स्टाफ को जब इस बात की जानकारी हुई तो आनन फानन में वे मौके पर पहुंचे और क्लासरूम का ताला खोला गया। इस दौरान बच्चा क्लास में रो रहा था और अपने परिजनों को देख उनसे लिपट गया। परिजनों ने बताया कि प्रतिदिन की तरह उनका बेटा शुक्रवार को पढ़ने के लिए सरकारी स्कूल गया हुआ था। वह कक्षा एक का छात्र है। उन्होंने बताया कि स्कूल की छुट्टी होने के काफी देर बाद तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद उन्होंने तलाश शुरू की। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछने के बाद भी बच्चे का पता नहीं चल सका, जिसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे। वहीं, क्लास रूम में से रोने की आवाज आ रही थी, जिसके बाद परिजनों ने देखा कि उनका बच्चा क्लासरूम में बंद है और वह रो रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चा काफी डरा हुआ था और इस दौरान उसने बाहर निकालने के लिए काफी प्रयत्न किए। परिजनों का आरोप है कि शिक्षकों ने और कर्मचारियों ने छुट्टी के बाद क्लासरूम में ताला जड़ दिया, लेकिन किसी ने क्लास रूम में झांक कर इस बात की पुष्टि नहीं की कि कोई क्लासरूम में छूटा है या नहीं। वहीं, मामले का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बताया कि पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी गई है। जल्द ही मामले में जांच कर कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 Jul 2026 09:39 am
Published on:
18 Jul 2026 09:38 am
