जौनपुर

हेलो! शादी से इनकार कर दो नहीं तो…युवक को धमकी, जौनपुर की होने वाली सास ने दर्ज कराया मुकदमा

गौराबादशाहपुर थाने में एक महिला ने आवेदन देते हुए उनके होने वाले दामाद को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने महिला के होने वाले दामाद को फोन पर महिला की बेटी से शादी करने से इनकार करने को कहा है...

2 min read
Apr 16, 2026
File photo

जौनपुर: गौराबादशाहपुर थाने में एक महिला ने आवेदन देते हुए उनके होने वाले दामाद को जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला के होने वाले दामाद को फोन पर महिला की बेटी से शादी करने से इनकार करने को कहा है और ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को आवेदन पत्र देते हुए बताया है कि उनकी बेटी की शादी 14 जून को होनी है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से तय हुई है। महिला ने बताया कि गांव के ही रहने वाले रामबली, विजय और मुकेश ने उनके होने वाले दामाद को फोन कर धमकी दी है।

कई बार फोन करके दी गई धमकी

महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि तीनों आरोपी शादी में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रहे हैं। महिला की तहरीर के मुताबिक, आरोपी मुकेश कुमार ने उनके होने वाले दामाद को फोन पर धमकी देकर कहा है कि तुम जहां शादी करने वाले हो, वहां शादी मत करना, नहीं तो तुम्हें जान से मार डालेंगे। उन्होंने बताया कि यह एक बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है कि उन्हें फोन पर धमकी दी जा रही है, जिससे वह परेशान हो गई हैं।

महिला ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी से पूर्व की सभी रस्म पूरी हो चुकी है और इन सभी रस्मों में करीब 5 लख रुपए खर्च हुए हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि यदि शादी किसी भी वजह से टूटती है तो उसकी सारी जिम्मेदारी तीनों आरोपियों की होगी। उन्होंने पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू

गौराबादशाहपुर पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर बीएस की धारा 351(3) के तहत मुकेश कुमार, विजय कुमार और रामबली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस मामले में जांच की कमान थाने के उप निरीक्षक वीरेंद्र प्रसाद को सौंप गई है। पुलिस ने बताया है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
16 Apr 2026 02:38 pm
Published on:
16 Apr 2026 02:35 pm
Also Read
View All