
जौनपुर. UP Panchayat Election Results 2021 Updates : यूपी पंचायत चुनाव मतगणना में आए रिजल्ट से अभिनेत्री दीक्षा सिंह (Diksha singh Election Defeat) को भी मायूसी मिली है। मॉडल और अभिनेत्री दीक्षा सिंह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गईं। जौनपुर के बक्शा वार्ड 26 से मिस फेमिना रनर दीक्षा सिंह को भाजपा नेता स्वर्गीय राजमणि सिंह की भतीजी श्रीमति नगीना सिंह ने हरा दिया। नगीना सिंह (Nagina Singh) को करीब सात हजार वोट मिले। दीक्षा को केवल 2000 मत मिले।
पीएम मोदी आदर्श :- यूपी पंचायत चुनाव के लिए जौनपुर में जब से अभिनेत्री दीक्षा सिंह ने जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन किया था तभी से दीक्षा और बक्शा वार्ड 26 सभी के निगाहों में छा गया था। हर किसी को आज उत्सुकता थी कि दीक्षा सिंह जीती की नहीं। पर उनके समर्थकों के हाथ मायूसी लगी। दीक्षा सिंह ने चुनाव लड़ने के दौरान कहा था कि, गांव में विकास कोसों दूर है। चुनाव जीतने के बाद गांव में ही रहकर विकास का काम करूंगी। दीक्षा ने पीएम मोदी को अपना आदर्श बताया।
पिता कारोबार :- बक्शा ब्लाॅक के चितौड़ी गांव निवासी दीक्षा सिंह के पिता जितेंद्र सिंह का गोवा में कारोबार है। लंबे समय से उनका परिवार वहीं रहता है। वर्ष 2015 में फेमिना मिस इंडिया की रनर अप रहीं दीक्षा पंचायत चुनाव में भागीदारी के लिए गांव आई थीं। दीक्षा सिंह ने जिला पंचायत सदस्य के वार्ड संख्या-26 से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।