यूपी के जौनपुर में कांवरियों का भेष बनाकर मोबाइल लूटने वाले गिरोह का भांडाफोड़।
जौनपुर. मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल लुटेरों के ऐसे गिरोह को दबोचा है जो कांवरियों के भेष में लोगों को शिकार बनते थे। मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए इन दोनों मोबाइल लुटेरों के पास से बाइक, एक तमंचा और दो ज़िंदा कारतूस बरामद हुआ।
क्षेत्र के श्रीनेतगंज बाज़ार में कोढा गांव निवासी अमिताभ मोबाइल से बात करते हुए पैदल जा रहे थे। तभी दो बदमाश बाइक से पहुंचे। जब तक अमिताभ कुछ समझ पाते बदमाश उनका मोबाइल छीनकर मुंगरा बादशाहपुर की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने भाग रहे बदमाशों की बाइक का नम्बर नोट कर लिया। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह को मोबाइल पर लूट की सूचना दी तो मौके पर टीम पहुँची। पुलिस पीड़ित द्वारा बताए गए बाइक के नम्बर को इंटरनेट पर सर्च कर बाइक स्वामी तक पहुँच गई।
बाइक स्वामी ने पुलिस को बताया कि बाइक बहन का लड़का ले गया है। जिसके बाद वाहन स्वामी के निशान देही के आधार पर पुलिस मोबाइल लूट के मुख्य आरोपी भाऊपुर निवासी लाल साहब व उसके साथी पालपुर निवासी दिनेश कुमार यादव के घर तक पहुँच गई, लेकिन आरोपी के घर पर मौजूद न मिलने पर खाली हाथ वापस लौट आई। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की दोनों आरोपी बाइक से मछलीशहर की तरफ जा रहे हैं।
इसके बाद जाल बिछा कर पुलिस ने सुजानगंज पड़ाव पर वाहन चेकिंन करना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद लुटेरे उसी नंबर की बाइक के साथ वहाँ से गुजर रहे थे। पुलिस ने तुरन्त उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ के दौरान लुटेरों ने बताया कि मुस्तफाबाद से भी एक मोबाइल की लूट कर चुके हैं। जांच के बाद पता चला कि वह मोबाइल विकास दुबे पुत्र दिवाकर निवासी जोगापुर थाना रामपुर का था। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक अदद तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व बाइक बरामद हुई। कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया दोनों आरोपी अक्सर कावरियों की भेष में घटना को अंजाम देते थे। मुख्य आरोपी लाल साहब लूट व चोरी के कई आरोप में जेल भी जा चुका है।
By Javed Ahmad