जौनपुर

पिंकी का पिता को आखिरी कॉल, पापा अजित पवार के साथ फ्लाइट है, होटल पहुंचकर कॉल करूंगी

Jan 29, 2026
Feature image

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे ने कई घरों के सपने तोड़ दिए। इस हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली ने मंगलवार शाम अपने पिता से कहा था कि कल बात करूंगी। लेकिन अब यह कल कभी नहीं आएगा।

पिंकी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की केराकत तहसील स्थित भैंसा गांव की रहने वाली थीं। उनके पिता शिवकुमार माली मध्य मुंबई के प्रभादेवी इलाके में रहते हैं। पिंकी बुधवार सुबह महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ विमान से बारामती के लिए रवाना हुई थीं। यह चौथी बार था जब वह उनके साथ फ्लाइट ड्यूटी पर थीं।

'टीवी खोला… खबर देख स्तब्ध रह गया'

पिंकी के पिता शिवकुमार माली ने बताया कि मंगलवार शाम बेटी से उनकी बात हुई थी। “उसने कहा था कि बुधवार सुबह उपमुख्यमंत्री के साथ बारामती जाएगी, फिर नांदेड रवाना होगी। ड्यूटी के बाद होटल पहुंचकर कल बात करेगी…लेकिन अब वह कल कभी नहीं आएगा।

यह कहते हुए शिवकुमार रो पड़े। उन्होंने बताया कि पिंकी इससे पहले राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों और कई बड़े राजनीतिक नेताओं के साथ फ्लाइट ड्यूटी कर चुकी थीं।

TV पर खबर देख स्तब्ध रह गए पिता

शिवकुमार माली ने बताया कि मैंने सुबह टीवी खोला… खबर देख कर स्तब्ध रह गया। अब उससे कभी बात नहीं हो पाएगी।

शिवकुमार खुद एनसीपी के कार्यकर्ता हैं और अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी से जुड़े रहे हैं। बेटी की मौत की खबर ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया।

मिल बंद हुई तो टैक्सी चलाकर पाला परिवार

पिंकी के पिता की आर्थिक हालत कभी मजबूत नहीं रही। वे मुंबई की सेंचुरी मिल में मजदूर थे। मिल बंद होने के बाद परिवार का पेट पालने के लिए टैक्सी चलाने लगे। शिवकुमार माली ने मेहनत कर अपने बच्चों को कभी किसी चीज़ की कमी महसूस नहीं होने दी।

परिवार में एक बेटा और एक बेटी है, जिसमें पिंकी सबसे छोटी थीं। माली परिवार मुंबई के प्रभादेवी स्थित सेंचुरी मिल म्हाडा कॉलोनी में रहता है। बुधवार को बेटी की मौत की खबर मिलते ही पूरा परिसर शोक में डूब गया।

29 साल की उम्र में टूटा परिवार

29 वर्षीय पिंकी की पांच साल पहले ठाणे निवासी सोम विकास सैनी से शादी हुई थी। खुशहाल जीवन की उम्मीदों के बीच एक विमान हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।

Updated on:
29 Jan 2026 10:28 am
Published on:
29 Jan 2026 10:28 am