गावों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता
जौनपुर. जिले के बक्सा ब्लॉक मुख्यालय सभागार में क्षेत्र पंचायत बक्शा के सदस्यों की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल पांच करोड़ बीस लाख का प्रस्ताव सदन के पटल पर रखा गया। बैठक की शुरुआत बीडीओ रामसुंदर भारती के संबोधन से शुरू हुई। उन्होंने पूर्व बैठक की जानकारी सदन को देते हुए वर्तमान बजट प्रस्ताव की जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख सजल कुमार सिंह ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गावों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि हालांकि अब शासन द्वारा अपेक्षाकृत धन न उपलब्ध होने से पंचायतों में विकास कार्य में दिक्कतें जरूर आएगी लेकिन मैं सदन को आश्वस्त करता हूं कि सांसद एवं विधायक से मदद लेकर विकास को पूरा करने का पूरा प्रयास करूंगा। प्रमुख सजल ने मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली बदलने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख जयप्रकाश सिंह राना तथा संचालन धनन्जय तिवारी ने किया। इस मौके पर डॉ. एके कनौजिया, एडीओ कोआपरेटिव अजय कुमार, अजय सिंह, शिवश्याम सिंह, सुनील सिंह, सुभाष सिंह, बबलू चैहान, लालसाहब सिंह, शकील बाबू , आलोक यादव, कमलाकर मिश्र, हीरामणि उपाध्याय सहित तमाम बीडीसी प्रधान मौजूद रहे।
अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा देश
जौनपुर. नगर के हिन्दी भवन के सभागार में लोकतंत्र और संविधान पर मंडराते खतरे विषयक सम्मेलन का आयोजन संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान के बैनर तले आयोजित हुआ। सम्मेलन में मुख्य रूप से नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर हो रहे हमलों, न्यायालय की स्वायत्ता व जाति विशेष के लोगों की हत्याएं, उनके सामाजिक, राजनैतिक व संवैधानिक अधिकारों पर हो रहे अतिक्रमण रहा। सम्मेलन के मुख्य वक्ता गुजरात से आये देव देसाई ने कहा कि लम्बे संघर्षों व लाखों लोगों की कुर्बानी के बाद हमें जो आजादी मिली और हमने लोकतंत्र का रास्ता चुना, वह आज खतरे में है।
इसी क्रम में सीपीआई के कामरेड जय प्रकाश सिंह एडवोकेट ने कहा कि आज देश अघोषित आपातकाल के दौर से गुजर रहा है। इसके अलावा पूर्व विधायक अफजाल अहमद, लाल प्रकाश राही, फैसल हसन तबरेज, किरण शंकर सिंह, अनुराग मिश्र, मंजू शास्त्री, रेनू सिंह, लाल बहादुर सिद्धार्थ, चेयरमैन माया टण्डन, संजय श्रीवास्तव, कल्पनाथ गुप्त सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। सम्मेलन की अध्यक्षता डा. महेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व एसोसिएट प्रोफेसर टीडी कालेज व संचालन नई दिल्ली से आयीं जुलेखा जबीन ने किया। इस अवसर पर विजयशंकर उपाध्याय, आशुतोष, शुभम कुमारी, सीमा कुमारी, अखिलेश, सुनैना सिंह कुशवाहा, विनोद, गोविन्द सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
By- जावेद अहमद