जौनपुर

लखनऊ-वाराणसी रेल रूट पर बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा, टूटी पटरी से गुजरी दून एक्सप्रेस

कई ट्रेनें हुईं बाधित, गेटमैन की सूझबूझ से टल गया हादसा।
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 Nov 2018, 3:59 PM IST
Railway
रेलवे

जौनपुर. शाहगंज स्थित लखनऊ-वाराणसी रेलखण्ड पर गोड़िला फाटक के समीप रेल ट्रैक टूटने से कई ट्रेनें विलम्ब हो गयी। गेटमैन की सूझबूझ व तत्काल कार्यवाही से दून एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया गया। रेलवे ट्रैक सही होने पर डेढ़ घंटे के बाद संचालन शुरू किया जा सका।

उक्त रेलवे क्रासिंग के गेट संख्या 65सी से सौ मीटर की दूरी पर टूटी रेल पटरी को देखकर अपने खेत में जा रहे ताखा शिवपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान पुत्र श्रीराम ने गेटमैन चन्द्रशेखर यादव को सूचना दी। तब तक गेटमैन ट्रेन संख्या 13010 लखनऊ से शाहगंज की ओर आने वाली दून एक्सप्रेस ट्रेन को पास कराने के लिए गेट बंद कर चुका था। आनन-फानन में गेटमैन दौड़ते हुए सात सौ मीटर दूर पहुंचा। जहां पटाखा दगा दून एक्सप्रेस को रोक कर घटना की सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। करीब आधे घंटे बाद पहुंचे अधिकारियों ने ट्रैक मरम्मत का काम शुरु किया।

ट्रैक सही होने पर एक घंटे 10 मिनट के बाद दून एक्सप्रेस ट्रेन को शाहगंज की ओर रवाना किया गया। शाहगंज से फैजाबाद की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 13508 किसान एक्सप्रेस को शाहगंज स्टेशन पर रोक दिया गया। जो 15 मिनट देर से गण्तव्य की ओर रवाना हो सकी। वहीं बरेली से वाराणसी की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को मालीपुर में रोका गया। गेटमैन चन्द्रशेखर यादव ने सूचना देने वाले राजकुमार चौहान को नगद पुरस्कार देकर उसका आभार व्यक्त किया।

By Javed Ahmad

Updated on:
30 Nov 2018, 3:59 PM IST
Published on:
Also Read
View All