जौनपुर

रोडवेज बस और ट्रक में जोरदार टक्कर, सात की हालत गंभीर

चिकित्सकों ने चार की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 25 Aug 2018, 10:04 AM IST
Road Accident
सड़क दुर्घटना

जौनपुर. इलाहाबाद से सवारी लेकर दोहरीघाट जा रही रोडवेज बस शुक्रवार की रात मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट गांव के पास खड़ी ट्रक से भिड़ गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह सभी घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार की हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बतादें कि दोहरीघाट डिपो की बस रात क़रीब दो बजे इलाहाबाद से सवारी भरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई थी। बस अभी साढ़े चार बजे सुबह के करीब जौनपुर-रायबरेली हाइवे स्थित खजुरहट गांव के पास पहुंची ही थी कि सड़क के किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक खाई में पलट गया। बस के भी परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही बस के अंदर चीख - पुकार मच गई। टक्कर की आवाज सुन अगल बगल के लोग मौके पर पहुंच गए और बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान किसी ने दुर्घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी तो टीम वहां पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से पुलिस ने घायल पवन सिंह निवासी इसरापुर जियावनपुर आजमगढ़, जबर अंसारी निवासी धनदार लार देवरिया, विद्या बिंद निवासी सरसवां खुर्द दीदारगंज आजमगढ़, सूरज निषाद निवासी बबूरीकला सिंगरामऊ, शौर्य कुमार सिंह निवासी छपरा सुल्तानपुर आजमगढ़, भगवान बिंद निवासी सरसवां दीदारगंज आजमगढ़, राजकुमार निवासी रसूलपुर गौरीघाट मऊ को एम्बुलेंस से मछलीशहर सीएचसी पहुंचाया। जहां तीन का इलाज कर छोड़ दिया गया, जबकि चार की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी तरफ ट्रक के ड्राइवर अजय कुमार पाल ने बताया वह फतेहपुर से पाइप लादकर गाजीपुर जा रहा था। दो मिनट पहले ही ट्रक खड़ा कर बगल में लघुशंका कर रहा था। इसी दौरान बस ट्रक के पीछे से आकर भिड़ गई।

By- Javed Ahmed

Published on:
Also Read
View All