जौनपुर पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक संग की गई लूट के बाद 3 आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है जबकि एक दारोगा और थानाध्यक्ष बाल बाल बच गए...
जौनपुर: जाफराबाद, गौराबादशाहपुर व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने जाफराबाद थाना अंतर्गत जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूट की घटना की थी। इसके बाद पुलिस संग हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। वहीं, बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में जाफराबाद थानाध्यक्ष और एक दारोगा बाल बाल बच गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कबूलपुर पुलिया के पास चेकिंग की जा रही थी इसी दौरान मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस एक्टिव हुई और जाफराबाद में जनसेवा केंद्र संचालक प्रेमचंद यादव को गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के आने की सूचना मिली। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन लोग आ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया, जिसके बाद उन्होंने रास्ता बदल लिया और अनियंत्रित होकर गिर पड़े।
पुलिस को अपने पीछे आता देख आरोपियों ने टीम पर अवैध असलहे से हमला कर दिया, जिसमें जाफराबाद थानाध्यक्ष श्री प्रकाश शुक्ला के बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी। वहीं, दारोगा अरविंद कुमार सिंह के दाहिने हाथ में गोली लग गई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आदर्श यादव के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसके दो साथियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपियों के पास से असलहा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए आदर्श यादव और दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही दिवाकर कुमार और अमन यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 32 बोर की एक पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और लूट के 27000 रुपए भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि जन सेवा केंद्र संचालक के यहां लूट के दौरान 90000 रुपए लेकर आरोपी फरार हुए थे। वहीं एक लूट की मोटरसाइकिल भी आरोपियों के पास से बरामद हुई है।