
जौनपुर. जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित जरौना-नरवापार निवासी कर्ज़ में डूबे एक युवक ने आत्महत्या कर ली। बुधवार की सुबह एजे पैसेंजर ट्रेन आती दिखी तो वह उसके सामने कूद कर कट गया। उसकी लाश जरौना रेलवे स्टेशन से चार सौ मीटर पश्चिम रेल ट्रैक के किनारे मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी महाजन के खिलाफ पुलिस कानूनी कार्यवाही में जुट गयी है।
जरौना गांव के नरवापर निवासी 42 वर्षीय अरविंद विश्वकर्मा ने कुछ माह पूर्व क्षेत्र के कछोटा गांव निवासी एक महाजन से 6 हजार रुपये कर्ज के रूप में लिया था। समय ज्यादा बीत जाने पर महाजन अपना रुपया वापस मांगने लगा । इस पर वह आज कल करते हुए समय व्यतीत करने लगा। विगत सोमवार को महाजन ने अरविंद की बाइक जब्त कर ली, और कहा कि पैसा वापस करने पर ही बाइक दूंगा। जिस पर दोनों के बीच हल्की नोंक झोंक भी हुई। बाइक न मिलने पर दुखी मन से वो घर लौट गया।
घर वालों को पता चला तो सभी अरविंद पर बाइक वापस लाने का दबाव बनाने लगे। आर्थिक तंगी से गुज़र रहे अरविंद को कुछ नहीं सूझा तो रात में किसी समय वो घर से निकल गया। बुधवार की सुबह जंघई-जौनपुर रेलप्रखण्ड पर स्थित जरौना स्टेशन के पश्चिम मेदपुर बनकट गांव के पास उसका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि एजे पैसेंजर ट्रेन से कटकर उसने जान दे दी होगी। ये मनहूस खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। घटना के सूचना मिली तो मौके पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गयी।
सूचना पर यूपी100 एवं थानाध्यक्ष मीरगंज पन्नालाल मयफोर्स पहुंच गए। एसओ पन्नालाल ने बताया कि मृतक के पिता भोलानाथ के तहरीर पर कानूनी कार्यवाही की जा रही है। घर वालों के अनुसार सुबह घर से चुपचाप उठ कर थोड़ी दूर स्थित रेलवे लाइन की ओर गए थे।
किसी को क्या पता कि ऐसा निर्णय ले लेंगे। मृतक के चार संतानें है जिसमें 17 वर्षीय राहुल, 16 वर्षीय रोहित, 14वर्षीय मोहित व 11 वर्ष की पुत्री आँचल है। घटना से आहत पत्नी सीता देवी बेसुध हो जा रही थीं। होश आने पर उनके मुख से यही निकल रहा था कि भगवान ने गरीबी में यह क्या कर दिया । अब इन बच्चों का क्या होगा ।
input- jawed ahmed