
Jhabua Brother Dies Of Heart Attack: मध्यप्रदेश के झाबुआ में हुई एक दर्दनाक घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां घर के बाहर खड़े 45 वर्षीय विशाल दवे पर बैल ने हमला कर दिया। बैल के हमले के बाद जब आसपास के लोग घायल हालत में उसे घर के अंदर लेकर पहुंचे तो छोटे भाई की हालत देख 59 वर्षीय बड़े भाई विवेक दवे को ऐसा सदमा लगा कि उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने डॉक्टर और एंबुलेंस को फोन किया लेकिन दोनों के पहुंचने से पहले ही बड़े भाई विवेक की सांसें थम गईं।
गोपाल कॉलोनी में रहने वाले 45 वर्षीय विशाल दबे शुक्रवार शाम को अपने घर के बाहर खड़े हुए थे, तभी एक बैल ने उन पर हमला कर दिया। बैल ने विशाल को उठाकर जमीन पर पटक दिया जिससे विशाल दर्द से कराह उठे। चोट लगने के कारण खून बहने लगा, शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बैल को भगाया और घायल हालत में विशाल को घर के अंदर लेकर गए। हमले में विशाल के एक पैर में फ्रैक्चर हो गया और उनका दूसरा पैर पहले से ही खराब था।
विशाल को दर्द से कराहते देख घर में मौजूद बड़े भाई 59 वर्षीय विवेक दवे को गहरा सदमा लगा और तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने डॉक्टर व एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन गणेश विसर्जन के जुलूस के कारण डॉक्टर तत्काल घर नहीं पहुंच सके। करीब 30 मिनट बाद डॉ. एलएस राठौर घर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और बड़े भाई विवेक दवे की सांसें थम चुकी थीं।
दूसरी ओर, घायल विशाल को परिचित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनके पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया। एक ही घटना में छोटे भाई का घायल होना और बड़े भाई की मौत से परिवार में शोक छा गया। एक तरफ छोटे भाई का दर्द था, दूसरी तरफ बड़े भाई ने उसी दर्द में अपनी जिंदगी गंवा दी। हादसे ने परिवार के सामने ऐसा दुख छोड़ दिया, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।