Instagram Reels Incident: इंस्टाग्राम रील बनाने से रोकने पर पत्नी ने पति की गला घोटकर हत्या कर दी। जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं, वह गला दबाती रही… यूट्यूब से सीखा हत्या का तरीका।
Social Media Addiction Crime: सोशल मीडिया के नशे ने मध्य प्रदेश के झाबुआ में ऐसी सनसनीखेज वारदात को जन्म दिया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक मोड़ ले लिया। पत्नी इतनी आग-बबूला हुई कि उसने पति का गला दबा दिया... और तब तक दबाती रही, जब तक उसकी सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं। सबसे हैरान कर देने वाली बात यह है कि यह हत्या कोई आकस्मिक कदम नहीं था, बल्कि पत्नी ने YouTube पर गला दबाने का तरीका सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया। सोशल मीडिया के जुनून से उपजा यह अपराध अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह के मुताबिक, मृतक कैलाश (25) अपनी पत्नी के इंस्टाग्राम पर रील बनाने और डालने से खुश नहीं था। इसे लेकर दोनों में अक्सर झगड़े होते थे। पति को पत्नी के चरित्र पर भी शक था। घटना वाले दिन दोनों एक शादी में गए थे। वहां नाचने और रील बनाने को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में पति की हत्या करने का फैसला कर लिया।
जांच में पता चला है कि विवाद के बाद गुस्से में आकर पत्नी ने यूट्यूब पर गला घोटने के तरीके सर्च किए। रात में जब कैलाश सो गया, तब पत्नी ने घर में रखी पगड़ी को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर उसका गला दबा दिया। जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं, वह गला दबाती रही। हत्या के बाद किसी को शक न हो, इसलिए वह पूरी रात शव के पास बैठी रही, ताकि मौत को प्राकृतिक बताया जा सके।
28 जनवरी को दोपहर 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम में कैलाश का शव संदिग्ध हालत में उसके घर में पड़ा है। सूचना पर थांदला एसडीओपी व थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज किया। संदेह के आधार पर पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया।