झाबुआ

बेटे की शादी की रस्म कर रही मां की थमी सांसें, बीपी की दवा लेना भूल गई थीं

mp news: मामेरा रस्म के दौरान दूल्हे की मां दिवंगत भाई को याद कर भावुक हुईं और तभी थम गई दिल की धड़कन, हार्ट अटैक से मौत।
2 min read
Feb 27, 2026
jhabua
mother dies of heart attack during son wedding mamero ritual

mp news: मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से एक दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बेटे की शादी की रस्मों को निभाते-निभाते मां की सांसें थम गईं। घटना जिले के सारंगी की है जहां गुरुवार दोपहर को बेटे की शादी के बाद मामेरा की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे की मां अपने दिवंगत भाई को याद कर भावुक हो गईं और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि जिस दिन दूल्हे की मां को हार्ट अटैक आया उस दिन वो बीपी की दवा लेना भी भूल गई थीं।

मामेरा रस्म के दौरान बिगड़ी तबीयत

सारंगी में रहने वाले गोलू पाटीदार की शादी 25 फरवरी को थी। बारात गुरुवार 26 फरवरी को दुल्हन लेकर वापस सारंगी आई और गुरुवार को ही शाम को रिसेप्शन रखा गया था। दोपहर में घर में मामेरा की रस्म चल रही थी। दूल्हे की मां गायत्री पाटीदार के भतीजे मायरा लेकर आए हुए थे। गायत्री भतीजों का स्वागत कर रही थी और इसी दौरान वो अपने दिवंगत भाई को याद कर भावुक हो गईं और बेहोश होकर गिर गईं। परिजन तुरंत गायत्री पाटीदार को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अर्थी को ओढ़ाई मामेरा में आई चुनरी

जिस वक्त डॉक्टरों ने गायत्री पाटीदार को मृत घोषित किया उस वक्त घर में शादी की रस्में चल रही थीं और इसलिए रिश्तेदारों ने गायत्री के निधन की बात कुछ देर छिपाए रखी। जब शादी की रस्में पूरी हुईं तो परिवारवालों को गायत्री के निधन के बारे में बताया गया। खबर मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गुरुवार शाम को गायत्री पाटीदार का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया,मामेरा में आई चुनरी से अर्थी को ओढ़ाया गया। परिजन ने बताया गायत्री पाटीदार को लो बीपी की समस्या थी और वो शादी की व्यवस्तताओं के चलते उस दिन बीपी की गोली लेना भी भूल गई थीं।

Updated on:
27 Feb 2026 04:29 pm
Published on:
27 Feb 2026 04:29 pm