झालावाड़

23 साल के रिंकू सबसे युवा, 67 के गोपाल सिंह सबसे उम्रदराज; पंचायत समिति में दिखेगा अनुभव और युवा जोश का संगम

टोडारायसिंह। पंचायत समिति के 19 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब शुक्रवार को होने वाले प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति सभागार में होने वाले…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:27 PM IST
पंचायत समिति टोडारायसिंह

टोडारायसिंह। पंचायत समिति के 19 वार्डों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद अब शुक्रवार को होने वाले प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति सभागार में होने वाले निर्वाचन में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ मजबूत स्थिति में है। हालांकि, पार्टी में प्रधान पद के चेहरे को लेकर अभी मंथन जारी है। इस बार पंचायत समिति में अनुभव और युवा जोश का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सदन में जहां वरिष्ठ सदस्य अपने अनुभव का लाभ देंगे, वहीं युवा सदस्य नई सोच और ऊर्जा के साथ ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे।

23 वर्षीय रिंकू सबसे युवा, 67 वर्षीय गोपाल सिंह सबसे उम्रदराज

नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की उम्र पर नजर डालें तो वार्ड एक से भाजपा के गोपाल सिंह 67 वर्ष की उम्र के साथ सबसे उम्रदराज सदस्य हैं। वहीं वार्ड तीन से आरएलपी के रिंकू बेरवा महज 23 वर्ष की उम्र में चुनाव जीतकर सबसे युवा सदस्य बने हैं। इसके अलावा वार्ड 19 से कांग्रेस की रेनू चौधरी 25 वर्ष, वार्ड 18 से जीतराम 29 वर्ष तथा वार्ड 6 से संगीता कंवर देवड़ा 29 वर्ष की उम्र में सदस्य निर्वाचित हुई हैं। इससे पंचायत समिति में युवा प्रतिनिधियों की अच्छी भागीदारी सामने आई है।

वहीं, अन्य वरिष्ठ सदस्यों में वार्ड 12 से कांग्रेस के पन्नालाल 57 वर्ष, वार्ड 11 से भाजपा की विमला 52 वर्ष तथा वार्ड 8 से भाजपा की नौरती और वार्ड 9 से कांग्रेस के नरेश कुमार 51-51 वर्ष के हैं। ऐसे में पंचायत समिति के नए सदन में अनुभव और युवाओं का संतुलन देखने को मिलेगा।

11 सीटों के साथ कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत

पंचायत समिति के कुल 19 वार्डों में कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को पांच और आरएलपी को तीन सीटें मिली हैं। इस चुनावी गणित के लिहाज से प्रधान पद पर कांग्रेस का दावा मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रधान पद के लिए उपयुक्त चेहरे का चयन करना है। शुक्रवार को निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और आवश्यकता पड़ने पर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद मतगणना कर प्रधान के निर्वाचन की घोषणा होगी।

अनुभवी या युवा चेहरे पर दांव, कांग्रेस के फैसले पर नजर

प्रधान पद के चुनाव को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि कांग्रेस पंचायत समिति की कमान किसी अनुभवी सदस्य को सौंपेगी या युवा चेहरे पर भरोसा जताएगी। वहीं, भाजपा और आरएलपी की भूमिका पर भी सबकी निगाहें रहेंगी। स्पष्ट बहुमत के चलते कांग्रेस की राह आसान मानी जा रही है, लेकिन प्रधान पद के चेहरे को लेकर पार्टी का अंतिम निर्णय ही चुनाव की सबसे अहम राजनीतिक तस्वीर तय करेगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:27 PM IST
Published on: