
खानपुर. कृषि उपज मण्डी में बुधवार को कृषि जिन्सों की जोरदार आवक होने से शाम तक नीलामी जारी रही। यहां विभिन्न जिन्सों की करीब ५ हजार बोरी की आवक हुर्ई। सोयाबीन के भावों मे एक पखवाड़े में करीब ५०० रुपए क्विंटल की तेजी होने से मण्डी में दोपहर तक ट्रैक्टर ट्रॉलियों की रेलमपेल मची रही। किसानों द्वारा कृषि जिन्सों की नीलामी के लिए ट्रैक्टर ट्रॉलियों को कतार में लगाना पड़ा। एक पखवाड़े पहले सोयाबीन के भाव ३२०० से ३३०० रुपए थे जो बुधवार को बढ़कर ३८०० क्विंटल तक पहुंच गए। ट्रैक्टर ट्रॉलियों की जोरदार आवक से मण्डी परिसर में दिनभर रेलमपेल मची रही। बुधवार को सोयाबीन के भाव ३०५० से ३७८७, सरसों ३५०० से ३७७४, गेहूं १९०० से २०७४ तथा उड़द १८०५ मे ३१५१ रुपए क्विंटल बिके। मण्डी सचिव फूलचन्द मीणा ने बताया कि मण्डी में जोरदार आवक को देखते हुए किसानों की सुविधाओं के लिए पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर विपणन व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है।
डूब और नहर में आने वाले ग्रामीण की जनसुनवाई की
सुनेल. कस्बे के तहसील कार्यालय में रोशनबाड़ी लघु सिंचाई परियोजना के डूब व नहर में आने वाले क्षेत्र के पाऊखेड़ी, राजपुराबुजुर्ग, घाटाखेड़ी के ग्रामीणों की जनसुनवाई की। इसमें भू अवाप्ति विभाग के कार्यालय झालावाड़ भू अभिलेख निरीक्षण संतोष कुमार, गोपाललाल गुर्जर, जल संसाधन विभाग के सहायक राजीव विजय, कनिष्ट अभियंता रामअवतार आदि ने ग्रामीणों से अवाप्त की जानी वाली नहर की भूमि धारा २१ के तहत असंचित, सिंचित एवं परिसम्पत्ति कुओं से सबंधित अपाप्ति प्राप्त की गई। इनका निराकरण कर मुआवजा की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं गुरुवार को तहसील कार्यालय में रोशनबाड़ी, अकोदिया, चन्द्रपुरा गंाव की जनसुनवाई की जाएगी।