झालावाड़

साल का एक तिहाई हिस्सा छुट्टियों की भेंट चढ़ा

सरकारी कर्मचारियों के लिए भले ही वर्ष 2026 छुट्टियों के लिहाज से राहत भरा रहा हो, लेकिन सरकारी दफ्तरों में कामकाज के लिए पहुंचने वाले लोगों को अपने काम के लिए अधिक इंतजार करना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:45 PM IST
साल का एक तिहाई हिस्सा छुट्टियों की भेंट चढ़ा

झालरापाटन. सरकारी कर्मचारियों के लिए भले ही वर्ष 2026 छुट्टियों के लिहाज से राहत भरा रहा हो, लेकिन सरकारी दफ्तरों में कामकाज के लिए पहुंचने वाले लोगों को अपने काम के लिए अधिक इंतजार करना पड़ा। साल के 11 महीनों यानी 26 नवंबर तक शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश मिलाकर कुल 114 दिन सरकारी कार्यालय बंद रहे। आगामी माह दिसंबर में भी चार शनिवार, चार रविवार और क्रिसमस का अवकाश मिलाकर 9 दिन सरकारी कार्यालयों में कामकाज नहीं होगा। कुल मिलाकर देखा जाए तो, पूरे साल में कुल 126 दिन साप्ताहिक और सार्वजनिक अवकाश के रहेंगे। हालांकि छुट्टियों के इन आंकड़ों के बीच यह पहलू भी अहम है कि पंचायत राज चुनाव सहित नगर निकाय चुनावी प्रक्रियाओं में सरकारी कर्मचारियों की लंबी ड्यूटी और अतिरिक्त कार्यभार के चलते उन्हें नियमित कामकाज के अलावा भी काफी मशक्कत करनी पड़ी है।

राजस्थान सरकार की वर्ष 2026 की सार्वजनिक अवकाश सूची में कुल 31 अवकाश घोषित हैं। इनमें से कुछ अवकाश शनिवार और रविवार को पड़े, ऐसे में उनकी दोहरी गणना इसमें शामिल नहीं है। 26 नवंबर तक 94 शनिवार रविवार और 20 कार्य दिवसों के सार्वजनिक अवकाश मिलाकर 114 दिन का आंकड़ा बनता है। शेष अवधि में 12 शनिवार रविवार और दो कार्य दिवसों के सार्वजनिक अवकाश जुड़ने से पूरे साल का आंकड़ा 126 दिन पहुंचता है। दिसंबर में क्रिसमस शुक्रवार को पड़ रहा है। इसके बाद शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने से 25 से 27 दिसंबर तक लगातार तीन दिन सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।

सरकारी कार्यों के लिए इंतजार

लगातार अवकाश व चुनावी ज़िम्मेदारियों के चलते आमजन को राजस्व नामांतरण, प्रमाणपत्र, पेंशन, नगर पालिका और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़े कामों के लिए इंतजार करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र से जिला और उपखंड मुख्यालयों तक आने वाले लोगों को कई बार कार्यालय बंद मिलने या संबंधित कार्मिक के चुनावी ड्यूटी पर होने के कारण वापस लौटना पड़ा। हालांकि अति आवश्यक सेवाएं और चुनावी कार्य निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी रही, लेकिन सामान्य प्रशासनिक कामकाज की गति प्रभावित रही।

चुनावी कामकाज में कर्मचारी व्यस्त रहे

इस साल सरकारी कामकाज पर छुट्टियों के साथ चुनावी गतिविधियों का असर भी रहा। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव चार चरणों में अक्टूबर से नवंबर तक आयोजित हुए। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच, सरपंच चुनाव की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में सरकारी कार्मिकों की ड्यूटी लगाई। मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण, मतदान और मतगणना जैसे कार्यों में विभिन्न विभागों के कर्मचारी व्यस्त रहे। इसके अलावा स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया में भी कार्मिकों की जिम्मेदारियां रही। चुनावी ड्यूटी के दिन सरकारी अवकाश की गणना शामिल नहीं है, लेकिन इनसे नियमित विभागीय कामकाज प्रभावित हुआ है।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:45 PM IST
Published on: