झालावाड़

Jhalawar: मस्टरोल में हाजिरी के विवाद में पहले मारपीट, फिर फायरिंग, युवक की मौत, सात साल का बेटा घायल

झालावाड़ जिले के झालरापाटन सदर थाना क्षेत्र के गांव बिरियाखेड़ी में शनिवार रात मस्टरोल में हाजिरी के विवाद में घर में घुसकर की गई फायरिंग से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
2 min read
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

झालरापाटन (झालावाड़)। सदर थाना क्षेत्र के गांव बिरियाखेड़ी में शनिवार रात मस्टरोल में हाजिरी के विवाद में घर में घुसकर की गई फायरिंग से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सात साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग से पहले दिन में हमलावरों ने पीडि़त पक्ष से मारपीट भी की थी।

बिरियाखेड़ी गांव में दरियाव सिंह शनिवार सुबह करीब दस बजे मनरेगा कार्यस्थल पर मस्टरोल भर रहा था। दरियाव के चचेरे भाई दूल्हे सिंह और जगदीश बिना काम किए हाजिरी लगवाना चाहते थे, लेकिन दरियाव सिंह ने मना कर दिया। इससे नाराज दूल्हे सिंह और जगदीश ने दरियाव सिंह के पिता मोहन सिंह के साथ मारपीट कर दी। दरियाव की पत्नी संतोषबाई ने अपने ससुर को बचाने की कोशिश की तो उन्होंने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फैक्चर हो गया। संतोष बाई को उपचार के लिए झालरापाटन लाया गया। दरियाव सिंह ने सदर थाने में दूल्हे सिंह और जगदीश के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया।

दरियाव सिंह के अनुसार शनिवार रात को उसका पूरा परिवार घर के आंगन में खाना खा रहा था। तभी दूल्हे सिंह, जगदीश अपने दो भाई जुगराज और राघू सिंह के साथ घर में घुस गया। अंदर आते ही उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान उसके भाई रूप सिंह (35) और पुत्र लेखराज (5) को कई छर्रे लग गए। रूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के अन्य सदस्यों ने इधर उधर भागकर जान बचाई।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने सदर थाना पुलिस पर इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। दरियाव सिंह का कहना था कि शनिवार सुबह सुबह झगड़े के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं आई। बाद में उन्होंने थाने में जाकर नामजद मामला दर्ज करवा दिया। उसके बावजूद शनिवार रात तक एक बार भी पुलिस की गांव में नहीं आई और ना ही हमलावरों को पाबंद किया। इससे हमलावरों के हौंसले बुलंद हो गए और उन्होंने रात में घर में घुसकर फायरिंग कर दी। रूप सिंह की मौत के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची,तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

शादी से लौटा था रूप सिंह

परिवार वालों ने बताया कि रूप सिंह गांव तीतरवासा में शादी में गया था। वहां दो दिन रूकने के बाद शनिवार शाम को ही घर लौटा था। सभी घर वाले आंगन में चूल्हे के पास ही बैठकर अलाव तापते हुए खाना खा रहे थे। रूप सिंह को सुबह हुई घटना के बारे में जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान हमलावर आए और अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे रूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

Updated on:
25 Jan 2026 05:56 pm
Published on:
25 Jan 2026 05:56 pm