
पिड़ावा ञ्च पत्रिका. क्षेत्र के हरनावदा गजा में रविवार देर शाम को मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति की चाकू से हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
वृत्ताधिकारी वृद्धि चंद गुर्जर ने बताया कि रविवार को बने सिंह के पिता इंदर सिंह ने गेहूं के सुकले में आग लगा दी। उसी समय रामलाल कुएं पर पहुंचा और इंद्रसिंह को कहा कि आग क्यों लगाई। आग के धुएं से मधुमक्खी उड़ रही है और वह किसी को भी काट सकती है। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद रविवार को शाम को रामलाल अपने खेत से आते वक्त हरनावदा गजा के बस स्टैंड के होटल पर चाय पी रहा था। इस दौरान शाम करीब 7 बजे बने सिंह आया और आते ही रामलाल के पेट में चाकू घोंप दिया और फरार हो गया। सीआई रामकिशन मेघवंशी ने बताया कि सोमवार को सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। सोमवार को पुलिस ने राजस्थान और मध्यप्रदेश बॉर्डर के जंगलों से आरोपी बने सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म
पिड़ावा ञ्च पत्रिका. क्षेत्र के गांव में एक नाबालिग किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सीआई रामकिशन मेघवंशी ने बताया कि किशोरी के पिता ने पिड़ावा थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि गत 21 मार्च को उसकी पुत्री शौच के लिए बाहर गई थी। इसी बीच युवक बृजेश उसे पकड़कर कमरे में ले गया और वहां उसे दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा तथा दुष्कर्म किया। घर नहीं लौटने पर तलाश करने पहुंचे परिजनों ने किशोरी को कमरे से बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फसल काटते अचेत हुए किसान की मौत
चौमहला ञ्च पत्रिका. गंगधार थाना क्षेत्र के कुटकी गांव में सोमवार सुबह खेत पर गेहूं की फसल काटने गए किसान की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार किसान गोरधन लाल (38 ) फसल काटते समय अचेत हो गया। वहां मौजूद छोटे भाई ने आसपास खेत में कार्य कर रहे लोगों बुलाया तथा उनकी मदद से सीएचसी चौमहला में लाए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनो के पर्चा बयान लिए तथा शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी सुरज़ीत सिंह ने बताया कि संदिग्ध हालत में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोडा चूरा का आरोपी तीन दिन रिमांड पर
अकलेरा ञ्च पत्रिका. भालता थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान 17 किलो 6 00 ग्राम डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार आरोपी को घाटोली पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच अधिकारी घाटोली थानाधिकारी नानूराम ने बताया कि भालता पुलिस ने आरोपी भगवान सिंह को डोडा चूरा के साथ गिरफ्तार किया। इस पर आरोपी से पूछताछ के लिए 3 दिन का रिमांड मिला है।