झालावाड़

चंद्रभागा कार्तिक मेला : तीन दिन एडवेंचर और रोमांच से होंगे भरपूर

राजस्थानी लोक कलाकार लोकरंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे

2 min read
Chandrabhaga Kartik Fair: Three days will be full of adventure-thrill
चंद्रभागा कार्तिक मेला : तीन दिन एडवेंचर और रोमांच से होंगे भरपूर

झालरापाटन. जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय चंद्रभागा कार्तिक मेले में तीन दिवसीय रंगारंग, रोमांच एवं एडवेंचर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला पर्यटन अधिकारी सिराज कुरैशी ने बताया कि 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे द्वारिकाधीश मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बैंडबाजों के साथ घुड़सवारी करते विदेशी सैलानी, भपंग वादक , कालबेलिया कलाकार चकरी नृत्य करते हुए, लोक कलाकार बिंदौरी नृत्य करते हुए, महिलाएं व सजी-धजी स्कूली बालिकाएं सिर पर मंगल कलश लेकर नगर के प्रबुद्ध जनों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और स्काउट गाइड के साथ रायल लुक के रूप में मुख्य मार्ग से होते हुए मोक्ष दायिनी चंद्रभागा नदी पर पहुंचेंगे। जहां शाम को महाआरती एवं सामूहिक दीपदान, रंग बिरंगी हवाई आतिशबाजी होगी। रात 7:30 बजे से मेला मैदान के रंग मंच पर राजस्थानी लोक कलाकार लोकरंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।


27 नवंबर सुबह 8:30 बजे गढ़ पैलेस झालावाड़ से गागरोन किला तक साइकिल रैली, पर्यटक स्थलों का भ्रमण, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मेला मैदान में हॉट एयर बैलून, गागरोन किला पर विभिन्न एडवेंचर गतिविधियां, इसमें वेली क्रॉसिंग, रैपलिंग, जिपलाइन, ट्रामपॉलिन, दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक मेला मैदान पर मूंछ, साफा बंधन, रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिताएं, शाम 6 बजे गोमती सागर तालाब के तट पर पतंगबाजी, लेनटरन फ्लाइंग, रात 7:30 बजे से स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगीला झालावाड़ कार्यक्रम होगा।

28 नवंबर सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक पुलिस ट्रेनिंग स्कूल मार्ग स्थित राज्य होटल प्रबंधन संस्थान में झालावाड़ कीचन क्वीन प्रतियोगिता, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मेला मैदान पर हॉट एयर बैलून, सुबह 9 बजे मेला मैदान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा पतंगबाजी का कला प्रदर्शन, 10 बजे से दिव्यांग, विशेष योग्यजन बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक गागरोन किला पर एडवेंचर गतिविधियां, दोपहर 3 बजे मेला मैदान रंगमंच पर रस्साकशी, सतोलिया, म्यूजिकल चेयर रेस, रुमाल झपट्टा, शाम 6:30 बजे से गोमती सागर के तट पर पतंगबाजी, रात 7:30 बजे से मेला मैदान रंग मंच पर सेलिब्रिटी स्टार नाइट कार्यक्रम होंगे।

Published on:
16 Nov 2023 10:31 am