
Jhalawar Accident: घायल को अस्पताल जाते परिजन। (फोटो-पत्रिका)
झालावाड़। जिले में मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों की जिंदगी छीन ली। अकलेरा क्षेत्र की बरेड़ी घाटी में नेशनल हाईवे-52 पर गलत दिशा से आ रही कार ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीसरे युवक ने झालावाड़ अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से दो गांवों में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 8 बजे बरेड़ी घाटी में हुआ। घाटोली क्षेत्र के उगरपुरा गांव निवासी बीरमलाल तंवर अपने साथी अमरलाल तंवर और जोधपुर जिले के जालेली नाडा निवासी अनिल चौधरी के साथ बाइक पर अकलेरा की तरफ आ रहे थे। बाइक बीरमलाल चला रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार गलत दिशा में लापरवाही से चलते हुए बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तीनों घायलों को अकलेरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बीरमलाल तंवर और अनिल चौधरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमरलाल तंवर की हालत गंभीर होने के कारण उसे झालावाड़ रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों में बीरमलाल और अमरलाल दोनों उगरपुरा गांव के रहने वाले थे, जबकि अनिल चौधरी जोधपुर जिले का निवासी था। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। तीन युवकों की मौत से परिवारों में मातम छा गया।
अकलेरा थाने के एएसआई राजाराम ने बताया कि मृतक बीरमलाल के पुत्र रामलाल ने कार चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीरमलाल और अमरलाल के शवों का अकलेरा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Updated on:
4 Nov 2026, 6:04 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 6:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.