
वास्तविक लाभार्थी को अब मिला चेक
-विभाग ने पत्रिका की खबर के बाद सुधारी भूल
-जितेंद्र जैकी-
झालावाड़. महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक गर्भवती महिला की राशी अन्य के बैक खाते में डालने की खबर राजस्थान पत्रिका में प्रकाशन के बाद विभाग हरकत में आया व वास्तविक लाभार्थी महिला को जिला कलक्टर के माध्यम से चेक सौपा गया।
-यह थी खबर
उल्लेखनीय है कि 'राजस्थान पत्रिका के झालावाड़ पुल आउट के 22 दिसम्बर 2018 के अंक में 'योजना की राशी दूसरे के खाते में, कोई जवाब भी नही शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। इसमें झालावाड़ निवासी गर्भवती महिला यशोदा सुमन को मिलने वाली योजना की रकम विभाग ने किसी अन्य के खाते में जमा कर दी थी। महिला दस माह से विभाग के चक्कर लगा रही थी।
-पत्रिका की खबर के बाद चेता विभाग
राजस्थान पत्रिका की खबर के बाद विभाग के उपनिदेशक डॉ. जी.एम. सैय्यद ने मामले की जांच की तो विभाग के गलती से यशोदा को मिलने वाली रकम बडौदा बैंक के एक अन्या ग्राहक झालावाड़ के हरपाल सिंह के खाते में जमा हो गई थी। इस पर विभाग ने बैंक की सहायता से रकम को वापस विभाग के खाते में हस्तांतरित करवाया।
-अब पहुंची रकम वास्तविक हाथ में
विभाग ने अपनी भूल सुधारते हुए वास्तविक लाभार्थी को पांच हजार रुपए का चेक जिला कलक्टर सिद्वार्थ सिहाग के हाथों से दिलवाया गया। महिला यशोदा सुमन ने योजना की रकम दिलवाने पर बुधवार को राजस्थान पत्रिका कार्यालय में अपने पति व बच्चें के साथ पहुंच कर पत्रिका का आभार व्यक्त किया है।