खेल व मूलभूत सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रही है। गांव की बात छोड़ों झालावाड़ शहर में ही ११३ आंगबाडिय़ों में से १०९ किराए के कमरों में चल रही
हरिसिंह गुर्जर
झालावाड़. गर्भवती महिलाओं व बच्चों का कुपोषण दूर करने वाले आंगनबाड़ी केन्द्र खुद ही कुपोषित हो रहे हैं। शहर के सभी केन्द्र खुद के भवन से वंचित हैं।
किराए के मकान में आंगनबाडिय़ों के संचालन में विभाग को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही बच्चों को भी खेल व मूलभूत सुविधाएं भी नसीब नहीं हो रही है। गांव की बात छोड़ों झालावाड़ शहर में ही ११३ आंगबाडिय़ों में से १०९ किराए के कमरों में चल रही हैं।
जिलेभर की बात करें तो करीब ५०७ आंगनबाड़ी केन्द्र किराऐ व उधारी के भवन में संचालित हो रहे हैं। इसके चलते केन्द्र में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही है।
योजनाओं का नहीं हो रहा क्रियान्वयन
किराए के भवन चलने से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। बच्चों के लिए दीवार पर पेटिंग करवाकर रंग-बिरंगे चित्र व अक्षर ज्ञान के लिए अनार आम, गिनती भी लिखवानी होतीहै, लेकिन मकान मालिक की शर्तों के हिसाब से दीवार खराब होने के डर से यह नहीं हो पा रहा है।
वहीं बच्चों के विकास के लिए खेल मैदान की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। कई केन्द्र के कमरें तो इतने छोटे है कि खेल-खिलाना तो दूर २५ बच्चे भी सही से नहीं बैठ पाते हैं। ऐसे में यहां आने वाली गर्भवती महिलाओं व धात्री महिलाओं को खड़े-खड़े पोषाहार लेकर जाना पड़ता है।
शौचालय भी नहीं
सरकार एक तरफ तो स्वच्छ भारत व गांव-गंाव में शौचालय बनाकर ग्राम पंचायतों को ओडीएफ कर रही है।
वहीं दूसरी ओर स्वयं सरकार के ७१२ आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शौचालय व टॉयलेट की सुविधा नहीं है। इसके चलते यहां आने वाले बच्चों व महिलाओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
१८ लाख से अधिक दे चुके किराया
सूत्रों की माने तो किराए के कमरों का किराया न्यूनतम एक वर्ष का करीब १८-१९ लाख रुपए दे दिया जाता है।
लम्बे समय से किराया दिया जा रहा है। अब तक करोड़ों रुपए किराए के दिए जा चुके हैं। इतने पैसे में तो स्वयं के भवन ही बन जाते।
किराए के आंगन व अन्य भवन में इतने केन्द्र हो रहे संचालित
ब्लॉक केन्द्र किराए से स्कू ल में अन्य सरकारी भवन में सामुदायिक भवन में
बकानी २२८ ४७ ३४ ० १२
झालावाड़ ११३ १०९ ० ० ०
खानपुर १८८ ० ५२ ३ ८
पिड़ावा १९६ ० ८ २९ १
मनोहरथाना २५९ २० ५१ १० ५
डग २२७ १७७ ० २१ २४
झालरापाटन २८२ २९ २० १९ ०
योग १४९३ २०५ १८६ ८५ ३१
एक कमरे का किराया ७५० रुपए दिया जाता है। भवन के लिए प्रस्ताव भेज रखे हैं। शहर में ४ भवन बने हुए हैं।
रमा गौत्तम, उपनिदेशक महिला एवं बाल-विकास विभाग