मावठ से बढ़ा सर्दी का असर
झालरापाटन. मावठ शुरू होने के बाद रविवार को दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 12 बजे बाद धूप निकली मावठ के कारण रात का तापमान भी कम रहा। रविवार सुबह छना कोहरा छाया रहा। रविवार तड़के 3 बजे हल्की बरसात होनेे के बाद दोपहर 12 बजे तक घना कोहरा छाए रहने के साथ ही आसमान में बादल छाए रहे। जिससे हवा में ठंडक बनी रही। लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए जगह जगह अलाव जलाए। अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के बाद से पूरे इलाके मेें ठंड बढ़ गई। मावठ के कारण जहां एक ओर रात को तापमान बढ़ गया, वहीं दिन का तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। रविवार को सुबह 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहने से वाहन चालकों को हेड लाइट जलाकर निकलना पड़ा। कोहरा इतना अधिक था कि कुछ दूरी पर स्थित वस्तुएं ही दिखाई नहीं दे रही थी।
दिन भर रही ठठुरन
भवानीमंडी. दो-तीन दिन से लगातार मौसम के मिजाज एक जैसे दिखाई दे रहा है। नगर आसपास के गांव में रविवार को भी सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। वातावरण में सुबह से ही बादल छाने के साथ ठंडक बनी रही। गलन से सर्दी का असर कुछ ज्यादा ही दिखाई दिया। जिससे लोगों ने दिनभर गर्म कपड़े पहन रखे। सर्दी से बचने के लिए लोगों ने जगह-जगह अलाव जलाए। मौसम में ठंडक होने से किसानों की उम्मीद को भी पंख लग गए हैं। सुलिया गांव के काश्तकार हरिसिंह गुर्जर ने बताया कि सर्दी के मौसम में भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा था। दो दिन से मौसम मे परिर्वतन के साथ ही फसलों को कुछ फायदा होता दिखाई दे रहा है।
दिनभर मौसम सर्द रहा शाम को गलन बढ़ी
रटलाई. कस्बे में शुक्रवार को बारिश होने के बाद से ही सर्दी का प्रकोप बढ़ गया। जिसके कारण गलन एवं कोहरा भी छाया रहा। कस्बे में दिनभर मौसम सर्द रहने के बाद शाम को गलन और बढ़ गई। सर्दी का असर तेज होने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े एवं गर्म खानपान का सहारा लिया।
कोहरे में लिपट जंगल और पहाडिय़ां
सुनेल. कस्बे सहित क्षेत्र में पिछले दिनों हुई मावठ के बाद से मौसम में बदलाव दिखाई दे रहा है। रविवार को क्षेत्र के जंगल व पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय से कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सर्दी का अहसास बढ़ गया। लोग सर्दी से बचने के लिए अलावा का सहारा लेते दिखाई दिए।। रविवार को दिनभर आकाश में बादल छाए होने से वर्षा की सम्भावना बनी हुई है। इस समय वर्षा होने से किसानों को लाभ मिलेगा।