झालावाड़

डबल मर्डर से सनसनी- ट्रैक्टर से पत्नी को कुचला, अपहरण कर पति को भी मार डाला

पुरानी रंजिश के चलते बुधवार सुबह पेशी पर भवानीमंडी जा रहे दम्पती की सरेराह नृशंस हत्या कर दी गई।
2 min read
murder news

सुनेल (झालावाड़)। पुरानी रंजिश के चलते बुधवार सुबह पेशी पर भवानीमंडी जा रहे दम्पती की सरेराह नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस उपाधीक्षक वैभव के अनुसार, बोलिया बुर्ज निवासी रामकरण पाटीदार, उसका पुत्र राजूलाल पाटीदार और बहू शोभा 2014 के तेज सिंह हत्याकांड में पेशी पर बाइक से भवानीमंडी जा रहे थे।

शोभा (35) की घटना स्थल पर ही मौत

रास्ते में सिरपोई के पास बोलिया बुजुर्ग निवासी दुर्गासिंह, फतेहसिंह व कालूसिंह राजपूत ने टै्रक्टर से बाइक को टक्कर मार दी। इससे शोभा (35) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। आरोपित राजूलाल (37) को जबरन साथ ले गए। रामकरण जान बचाकर भागे और भवानीमंडी कोर्ट पहुंचकर जज को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जज ने भवानीमंडी पुलिस को घटना की जानकारी करने के निर्देश दिए।

दो किमी आगे मिला राजू का शव
वारदात के बाद पुलिस ने अपहृत राजूलाल की तलाश शुरू की। करीब ९ घंटे बाद शाम करीब साढ़े छह बजे घटना स्थल से करीब दो किमी दूर आहू नदी के समीप राजूलाल पाटीदार (37) का शव बरामद हुआ। मिश्रोली थानाधिकारी हुकुमचंद सैनी ने बताया कि राजूलाल के मुंह पर लाठियों से हमले के निशान मिले हैं। लाश झाडिय़ों में पड़ी थी। सुनेल पुलिस ने घटना स्थल से पुलिस ने पिस्टल व दो तलवार सहित टै्रक्टर जब्त किया है। रामकरण की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश को लेकर हत्या
वर्ष 2014 में राजूलाल पाटीदार के खेत पर गाय आ गई थी, जिसको भगाने को लेकर इनके बीच गाली-गलोच कर धारदार हथियार से मारपीट की थी। जिसमें दुर्गासिंह राजपूत का पुत्र तेजसिंह घायल हो गया था। उसकी उपचार के दौरान झालावाड़ अस्पताल में मौत हो गई थी। तभी से दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

Updated on:
21 Dec 2017 10:24 am
Published on:
21 Dec 2017 10:23 am